इजरायली हमलों में मारे गये 30 फिलिस्तीनी

गाजा, 3 मई (वार्ता) गाजा पट्टी में विस्थापित लोगों के घरों और तंबुओं को निशाना बनाकर आज किए गए इजरायली हमलों में कम से कम 30 फिलिस्तीनी मारे गए।

गाजा में नागरिक सुरक्षा मामलों के प्रवक्ता महमूद बसल ने यहां बताया कि पूर्वी गाजा शहर के शुजाय्या के निकट ‘घट्टास’ परिवार के घर पर हवाई हमले में 10 लोग मारे गए है। उधर समीपवर्ती दाराज में नागरिकों पर ड्रोन हमले में चार अन्य लोग मारे गए। गाजा शहर के ही ज़ीतून में दो और लोगों के मारे जाने की भी खबर है। दक्षिणी शहर खान यूनिस में एक रिहायशी घर पर हमले में 11 लोग मारे गए।

नासिर मेडिकल कॉम्प्लेक्स के पास एक तंबू पर हुए हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि तीन अन्य घायल हो गए। एक अन्य हमले में पास के तंबू में एक और व्यक्ति की मौत की खबर है1। इस बीच खान यूनिस में ही ‘अबू हजरस’ परिवार के घर पर ड्रोन हमले में एक गर्भवती महिला की मौत की भी खबर है।

हालांकि इजरायली सेना ने अभी तक इन हमलों के बारे में कोई टिप्पणी नहीं की है।

इस बीच राफा में कुवैत स्पेशलाइज्ड हॉस्पिटल ने आज यहां एक प्रेस बयान जारी कर दवा, चिकित्सा आपूर्ति और भोजन की भारी कमी के बीच स्वास्थ्य सेवा प्रणाली के पूर्णतौर पर ध्वस्त होने की की चेतावनी दी।

अस्पताल ने कहा “ सीमा पार लगातार बंद रहने और मानवीय सहायता वितरण में व्यवधान के कारण स्थिति और खराब हो गई है।”

बयान के मुताबिक “ 75 प्रतिशत से अधिक आवश्यक दवाएं अनुपलब्ध हैं जिससे मरीजों का इलाज करने की सुविधा की क्षमता में बाधा आ रही है। मौजूदा चिकित्सा सामग्री भंडार सप्ताह से अधिक नहीं चल सकता है।”

गौरतलब है कि हमास के साथ जनवरी में हुए युद्धविराम समझौते के पहले चरण की समाप्ति के बाद 2 मार्च को इजरायल ने गाजा में माल और आपूर्ति का प्रवेश रोक दिया। पार्टियों के बीच आम सहमति की कमी के कारण दूसरे चरण को अभी तक लागू नहीं किया गया है।

इस बीच 18 मार्च को इजरायल ने एन्क्लेव में अपने सैन्य अभियान फिर से शुरू किए। उधर गाजा स्थित स्वास्थ्य अधिकारियों ने यहां बताया कि इजरायल द्वारा नए सिरे से किए गए गहन हमलों में कम से कम 2,396 फिलिस्तीनी मारे गए हैं और 6,325 अन्य घायल हुए हैं। इसके साथ ही अक्टूबर 2023 से कुल मरने वालों की संख्या 52,495 हो गई है जबकि 118,366 लोग घायल हुए हैं।

 

 

 

Next Post

कृषि उपज मंडी में विकास कार्यों का भूमि पूजन

Sat May 3 , 2025
इटारसी। कृषि उपज मंडी में आज विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया। विधायक डॉ. सीता-सरन शर्मा ने 149 लाख रुपए की सीमेंट कंक्रीट रोड सहित कुल 2.03 करोड़ के निर्माण कार्यों का भूमिपूजन किया। कार्यक्रम में कृषक विश्राम गृह समेत किसानों, व्यापारियों, हम्माल और कर्मचारियों के लिए 4.75 करोड़ के […]

You May Like