नयी दिल्ली, 25 अप्रैल (वार्ता) कांग्रेस ने कहा है कि पहलगाम में हुए आतंकी हमले के मृतकों की याद में निकाले गए कैंडल मार्च को बाधित करना गलत है और यह भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की खोखली प्रतिबद्धता को प्रदर्शित करता है।
कांग्रेस महासचिव के सी वेणुगोपाल ने कहा कि कांग्रेस मुख्यालय से गांधी स्मृति तक पार्टी नेता राहुल गांधी के कैंडल मार्च को रोकना गलत है और यह भाजपा सरकार के दोहरेपन का प्रतीक है। एक तरफ भाजपा पतिव्रता की बात करती है और दूसरी तरह कैंडल मार्च को रोकती है जो अनुचित है।
उन्होंने कहा “जिस मुद्दे के लिए पूरा देश एकजुट है, उसके लिए निकाले जा रहे शांतिपूर्ण कैंडललाइट मार्च को राज्य प्रायोजित तरीके से बाधित करना पूरी तरह से अनुचित और शर्मनाक है।”
कांग्रेस नेता ने कहा “लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी कांग्रेस मुख्यालय से महात्मा गांधी स्मृति तक मार्च निकाल रहे थे लेकिन दिल्ली पुलिस ने इस पर आपत्ति जताई और कार्यक्रम स्थल पर पूरी तरह से अराजकता और भ्रम की स्थिति पैदा कर दी। दिल्ली पुलिस का यह आचरण संकट के समय एकता और एकजुटता के विचारों के प्रति भाजपा की खोखली प्रतिबद्धता को उजागर करता है।”
