जबलपुर: शहीद स्मारक परिसर में 25 मार्च से लगाए गए पुस्तक मेले को जिला प्रशासन द्वारा 3 दिन के लिए और बढ़ा दिया गया है। यानि अब पुस्तक मेला 8 अप्रैल तक खुला रहेगा। और अवकाश के दिनों में दोपहर 12 बजे से मेला शुरू हो जाएगा। जानकारी के अनुसार पुस्तक मेले में उमड़ रही अभिभावकों की भीड़ को देखते हुए पुस्तक मेले के दिन को और बढ़ाया गया है।
पुस्तक मेले को लेकर जिला प्रशासन का दावा रहा है कि निजी स्कूलों, प्रकाशकों और पुस्तक विक्रेताओं के गठजोड़ को खतम करने में पुस्तक मेले ने अहम भूमिका निभाई है क्योंकि सस्ती कीमत पर बच्चों को कॉपी-किताबें , यूनिफॉर्म उपलब्ध हुईं हैं। गौरतलब है कि अभिभावकों को सस्ते दामों में पुस्तक मेले से कॉपी-किताबें मिल रहीं हैं इसलिए मेले में भीड़ लगातार बढ़ रही है।
पुस्तक विक्रेता अभिभावकों पर निकाल रहे कसर
शहीद स्मारक गोलबाजार में आयोजित पुस्तक मेले के दौरान ये देखा गया है कि दुकानदार मजबूरी वश पुस्तक मेले में शामिल हुए हैं। इसकी बानगी उस वक्त हकीकत में तब्दील हो गई जब किताब विक्रेताओं ने कुछ अभिभावकों से ये तक कह दिया कि अभी पुस्तक मेले में जो किताबें आप मांग रहे हैं वो नहीं हैं ज्यादा है तो आप लोग कलेक्टर साहब और डीईओ के पास चले जाइए। लिहाजा इस पर नियंत्रण करने की जिम्मेदारी जिला प्रशासन द्वारा पुस्तक मेले में तैनात किए गए अमले की है जो ईमानदारी से काम करके इन शिक्षा माफियाओं पर लगाम कस सके।
