इंदौर: हीरानगर थाना क्षेत्र में एक नाबालिग किशोरी को डरा-धमकाकर अश्लील हरकत करने और सोशल मीडिया पर फोटो वायरल कर बदनाम करने की धमकी देने का गंभीर मामला सामने आया है। पुलिस ने 17 वर्षीय पीड़िता की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।पुलिस के मुताबिक, भांगिया निवासी आरोपी गोविंद पिता सिप्पी पिछले काफी समय से नाबालिग को प्रताड़ित कर रहा था। पीड़िता ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया कि बीती 11 नवंबर को आरोपी चुपके से उसके घर में घुस आया और अश्लील हरकत करते हुए बोला कि वह उसे पसंद करता है।
इस दौरान आरोपी ने जबरन पीड़िता के साथ कुछ फोटो खींच लिए। इसके बाद आरोपी ने बदनामी की नीयत से उन फोटो पर आपत्तिजनक और अश्लील बातें लिखकर इंस्टाग्राम स्टोरी पर पोस्ट कर दिया। उस समय परिजनों के समझाने पर आरोपी ने कुछ दिन बात करना बंद कर दिया था।आरोपी की हरकतें यहीं नहीं रुकी, वह गत 15 फरवरी को सुबह करीब 11:30 बजे फिर से पीड़िता के घर पहुँचा और उसके साथ छेड़छाड़ करने लगा। जब किशोरी ने विरोध किया, तो आरोपी गोविंद उसे धमकी देने लगा कि जैसा मैं बोलता हूँ वैसा कर, नहीं तो फोटो मेरे पास हैं, मैं तुझे पूरी तरह बदनाम कर दूँगा।
