
जबलपुर । विजय नगर स्थित पीएनटी कॉलोनी में आज शाम एक बड़ा हादसा हो गया, जब एक पुरानी चार मंजिला इमारत अचानक ढह गई। इस हादसे में एक व्यक्ति के मलबे में दबे होने की आशंका है, जिसके बाद से ही बचाव अभियान तेजी से चल रहा है। यह दुखद घटना विजय नगर में शराब दुकान के पास, पीएनटी कॉलोनी में शाम के समय हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यह इमारत कई साल पुरानी थी और अचानक ही भरभराकर गिर गई। बिल्डिंग गिरने की जोरदार आवाज सुनकर स्थानीय लोग सहम गए और तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी। मलबे के ढेर में तब्दील हो चुकी इमारत को देखकर लोग हैरान रह गए और तुरंत मदद के लिए आगे आए।
