जबलपुर: गढ़ा थाना अंतर्गत भारत कॉलोनी रतननगर में एक प्रॉपर्टी डीलर ने स्वयं की कनपटी पर लाइसेंसी रिवाल्वर से गोली मारकर आत्महत्या कर ली थी। मृतक ने यह आत्मघाती कदम किन परिस्थितियों में उठाया यह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है, पुलिस मर्ग कायम कर जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि मृतक के परिजनों, करीबियों के बयान बाकी है, इसके साथ ही मामले की विस्तृत जांच जारी है, जिसके बाद ही पता चल सकेगा कि प्रॉपर्टी डीलर ने यह आत्मघाती कदम किन परिस्थितियों में उठाया है।
विदित हो कि राकेश कथूरिया 65 वर्ष निवासी भारत कालोनी रतननगर गढा पतंजलि का स्टोर आमनपुर मदनमहल में चलाते थे इसके साथ ही प्रॉपर्टी का भी काम करते थे। जिन्होंने रिवाल्वर से कनपटी में गोली मारकर आत्महत्या कर ली थी। मृतक के पास कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। राकेश कथूरिया पत्नी अरूणा कथूरिया और मां के साथ रहते थे। उनका बेटा सक्षम कथूरिया पूना में रहता है और बेटी की शादी मुुंबई में हुई है। घटना के बाद दोनों शहर पहुंच गए हैं। मामले में पुलिस हर एंगल पर जांच कर रही है।
