इंदौर:देपालपुर थाना क्षेत्र के ग्राम रुलाय में रास्ते और मकान निर्माण को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. आरोपियों ने 70 वर्षीय बुजुर्ग गब्बूलाल पिता बाबूलाल पर तलवारों से हमला कर दिया. जब उनके बेटे, भाई और अन्य रिश्तेदार उन्हें बचाने आए तो उन पर भी निर्मम प्रहार किया गया..गंभीर रूप से घायल गब्बूलाल को अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. अन्य घायलों का इलाज जारी है, मामले में पुलिस जांच कर रही है.
परिजनों के मुताबिक, महेंद्र और नंदराम नामक आरोपियों से रास्ते पर निर्माण को लेकर विवाद चल रहा था. दो दिन पहले इस मामले को लेकर शहर में बहस हुई थी, जिसके बाद आरोपियों ने अपने रिश्तेदारों और साथियों के साथ मिलकर गब्बूलाल पर घातक हमला कर दिया. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है.
