
जबलपुर। बिना रजिस्ट्रेशन के शहपुरा में चल रहे 2 क्लीनिक शनिवार दोपहर को सील कर दिए गए हैं। सीएमओ डॉ. सीके अतरौलिया ने बताया कि बंगाली 2 डॉक्टर्स के क्लीनिक सील किए गए क्योंकि इनके रजिस्ट्रेशन नहीं थे। जानकारी के अनुसार शनिवार को सीएमओ के नेतृत्व में टीम ने शहपुरा के करीब 8 क्लीनिकों की जांच की जिसमें टीम ने क्लीनिक के रजिस्ट्रेशन सहित अन्य आवश्यक दस्तावेजों को चैक किया। इस दौरान दो बंगाली डॉक्टर्स के क्लीनिक का जांच दल को रजिस्ट्रेशन नहीं मिला।
शहपुरा के ग्रामीणों के अनुसार उनके क्षेत्र में कई अवैध क्लीनिक खोलकर झोलाछाप डॉक्टर्स मरीजों की जान से खिलवाड़ कर उनका इलाज कर रहे हैं। इसकी शिकायत के बाद शनिवार को उक्त कार्रवाई की गई है। वहीं शहपुरा में प्राइवेट क्लीनिक चलाने वालों को चेतावनी दे दी है कि वे नियमानुसार क्लीनिक चलाएं अन्यथा उनके खिलाफ एक्शन लिया जाएगा।
