
सीधी। चौकी टिकरी पुलिस की त्वरित कार्रवाई में दो चोरी की मोटरसाइकिलों सहित आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। एक टिकरी क्षेत्र से, दूसरी कोतवाली थाना क्षेत्र से चोरी हुई थी। दोनों मोटरसाइकिलें बरामद कर ली गई है।
पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी के निर्देशन,अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती कमला जोशी एवं एसडीओपी कुसमी के मार्गदर्शन में चौकी टिकरी पुलिस ने वाहन चोरी के मामले में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करते हुए एक आरोपीको गिरफ्तार कर उसके कब्जे से दो चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। पुलिस के अनुसार फरियादी रजनीश कुशवाहा पिता रामकृपाल कुशवाहा उम्र 20 वर्ष, निवासी ग्राम कतरवार, थाना मड़वास, जिला सीधी ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि दिनांक 02 अगस्त 2026 को वह अपनी एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल क्रमांक एमपी 53 एमजी 7740 से ग्राम भदौरा बाल कटवाने गया था। उसने अपनी मोटरसाइकिल नाई की दुकान के सामने खड़ी की थी। लगभग आधे घंटे बाद बाहर आने पर मोटरसाइकिल मौके से गायब मिली। आसपास तलाश करने के बाद भी वाहन का कोई पता नहीं चला। चोरी गई मोटरसाइकिल की अनुमानित कीमत 45 हजार रुपये बताई गई। रिपोर्ट पर चौकी टिकरी में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई। विवेचना के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि एक संदिग्ध व्यक्ति चोरी की मोटरसाइकिल लेकर छत्तीसगढ़ की ओर जाने की तैयारी में है। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने घेराबंदी कर संदिग्ध को पकड़ लिया। पूंछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने मोटरसाइकिल क्रमांक एमपी 53 एमजी 7740 ग्राम महोरा अंडरब्रिज के पास से चोरी की थी तथा एक अन्य मोटरसाइकिल क्रमांक एमपी 53 एमसी 5217 को भी चोरी कर टिकरी क्षेत्र में लाकर छिपाकर रखा था।
आरोपी के निशानदेही पर पुलिस ने दोनों चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद कर जप्त कर लीं। जांच में यह भी पाया गया कि मोटरसाइकिल क्रमांक एमपी 53 एमसी 5217 की चोरी का अपराध थाना कोतवाली, जिला सीधी में पंजीबद्ध है। पुलिस द्वारा आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया है।
