कच्चे तेल, रुपये की चाल से तय होगी शेयर बाजार की दिशा

मुंबई, 06 सितंबर (वार्ता) घरेलू शेयर बाजारों में पिछले सप्ताह रही गिरावट के बाद आने वाले सप्ताह में निवेशकों की नजर कच्चे तेल और रुपये की चाल पर रहेगी।

कच्चे तेल की कीमत में उतार-चढ़ाव के बीच बीते सप्ताह यह 95 डॉलर प्रति बैरल के आसपास बना रहा। साथ ही, रुपये में गत सप्ताह तेजी रहने के बाद आने वाले सप्ताह में भी इससे बाजार धारणा प्रभावित होने की संभावना है।

पिछले सप्ताह घरेलू बाजारों में पहले चार दिन प्रमुख सूचकांक गिरावट में रहे जबकि शुक्रवार को बाजार में तेजी देखी गयी। इस दौरान बीएसई का सेंसेक्स कुल 749.08 अंक (0.97 प्रतिशत) लुढ़ककर सप्ताहांत पर 76,515.43 अंक पर बंद हुआ।

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 सूचकांक भी 277.95 अंक यानी 1.15 प्रतिशत की साप्ताहिक गिरावट के साथ 23,897.70 अंक पर आ गया। वृहत बाजार में मिश्रित रुख रहा। निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 1.51 फीसदी लुढ़क गया जबकि स्मॉलकैप-100 में 0.08 प्रतिशत की तेजी रही।

आलोच्य सप्ताह में सेंसेक्स की 30 कंपनियों में से 24 के शेयर लाल निशान में बंद हुए। देश की सबसे बड़ी कार कंपनी मारुति सुजुकी इंडिया का शेयर 5.12 प्रतिशत टूट गया। महिंद्रा एंड महिंद्रा में 4.91 प्रतिशत, इंडिगो में 3.91, टाइटन में 3.00, एशियन पेंट्स में 2.85, भारतीय स्टेट बैंक में 2.78, टेक महिंद्रा में 2.69, भारती एयरटेल में 2.13 और अल्ट्राटेक सीमेंट में 2.00 प्रतिशत की गिरावट रही।

सप्ताह के दौरान एलएंडटी तथा ट्रेंट के शेयर 1.86 फीसदी, टीसीएस का 1.84, हिंदुस्तान यूनीलिवर का 1.81, एचसीएल टेक्नोलॉजीज का 1.71, बजाज फाइनेंस का 1.53, इटरनल का 1.45, बजाज फिनसर्व तथा बीईएल के 1.35, इंफोसिस का 1.19, सन फार्मा का 1.10 और एचडीएफसी बैंक का 0.95 प्रतिशत फिसल गया। आईटीसी में 0.71 प्रतिशत, पावरग्रिड में 0.36 प्रतिशत और आईसीआईसीआई बैंक में 0.15 प्रतिशत की गिरावट रही।

मुनाफे में रहने वालों में रिलायंस इंडस्ट्रीज की शेयर सबसे अधिक 2.93 प्रतिशत चढ़ा। टाटा स्टील में 1.50 फीसदी, एक्सिस बैंक में 0.71, एनटीपीसी में 0.33, कोटक महिंद्रा बैंक में 0.26 और अडानी पोर्ट्स में 0.23 प्रतिशत की तेजी रही।

 

Next Post

बाइक में पेट्रोल डालते वक्त भड़की भीषण आग, 16 वर्षीय किशोर बुरी तरह झुलसा

Sun Sep 6 , 2026
सतना : जिले के मझगवां थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम हिरौंदी में शनिवार को एक दर्दनाक हादसे में बाइक में पेट्रोल डालते समय अचानक आग भड़क उठी. आगजनी में 16 वर्षीय एक नाबालिग गंभीर रूप से झुलस गया. आनन-फानन में परिजन उसे मझगवां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार […]

You May Like