सतना : जिले के मझगवां थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम हिरौंदी में शनिवार को एक दर्दनाक हादसे में बाइक में पेट्रोल डालते समय अचानक आग भड़क उठी. आगजनी में 16 वर्षीय एक नाबालिग गंभीर रूप से झुलस गया. आनन-फानन में परिजन उसे मझगवां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल सतना रेफर कर दिया है.
मिली जानकारी के अनुसार, हिरौंदी गांव में 16 वर्षीय किशोर एक बाइक में पेट्रोल डाल रहा था. उसी दौरान पास ही खड़े एक अन्य व्यक्ति ने अचानक लाइटर जला दिया. लाइटर की लौ पेट्रोल के वाष्प के संपर्क में आते ही भड़क गई और देखते ही देखते विकराल आग लग गई. किशोर जब तक संभल पाता आग की लपटों ने उसे अपनी चपेट में ले लिया. हादसे में उसके सीने, पेट और हाथ गंभीर रूप से झुलस गए
मझगवां बीएमओ डॉ. रूपेश सोनी ने बताया कि आग की चपेट में आने से किशोर का सीना, पेट और हाथ झुलस गए हैं. सीएचसी में जरूरी प्राथमिक उपचार देने के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है. फिलहाल उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है और विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में उपचार चल रहा है.
हादसे के बाद अवैध ईंधन कारोबार पर सवाल, जांच शुरू
इस सनसनीखेज घटना के बाद क्षेत्र में धड़ल्ले से चल रहे अवैध पेट्रोल-डीजल के कारोबार को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं. स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि इलाके में कुछ लोग घरों और किराना दुकानों से अवैध रूप से पेट्रोल-डीजल की खरीद-फरोख्त करते हैं. चर्चा यह भी है कि घायल किशोर भी इसी तरह ईंधन की बिक्री से जुड़ा हुआ था. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है कि गांव में बिना सुरक्षा मानकों के पेट्रोल की बिक्री किन परिस्थितियों में की जा रही थी.
