
सीधी। कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी विकास मिश्रा तथा पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी के निर्देशन में अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध जिले में लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अपर कलेक्टर वी.पी. पाण्डेय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमला जोशी तथा खनि अधिकारी कपिल मुनि शुक्ला के मार्गदर्शन में खनिज एवं पुलिस विभाग के संयुक्त दल ने 4 जुलाई 2026 को उपखंड गोपदबनास के विभिन्न क्षेत्रों में सघन जांच अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान ग्राम डेम्हा में अवैध रूप से रेत का परिवहन करते हुए बिना नंबर के दो टाटा-407 डंपर वाहनों को पकड़ा गया। संयुक्त दल को देखकर वाहन चालकों ने वाहन में लोड रेत खाली कर भागने का प्रयास किया, लेकिन टीम ने पीछा कर घेराबंदी करते हुए दोनों वाहनों को रोक लिया। जांच के दौरान रेत परिवहन से संबंधित कोई वैध अनुमति अथवा दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर दोनों वाहनों को नियमानुसार जब्त कर सुरक्षार्थ थाना कोतवाली सीधी की अभिरक्षा में सुपुर्द किया गया। इसी अभियान के दौरान ग्राम गाड़ा एवं कुर्रवाह में अवैध रूप से भंडारित 74 ट्रॉली रेत भी जब्त की गई। नियमानुसार जब्त रेत को रेलवे ठेकेदार मेसर्स एसएमएस. प्रा. लि. की सुपुर्दगी में दिया गया है। संबंधित वाहन चालकों एवं स्वामियों के विरुद्ध मध्यप्रदेश खनिज (अवैध उत्खनन, परिवहन तथा भंडारण का निवारण) नियम, 2022 के तहत प्रकरण दर्ज किए जा रहे हैं। वहीं जब्त रेत के संबंध में मध्यप्रदेश रेत नियम, 2019 के प्रावधानों के अनुसार निवर्तन की कार्रवाई हेतु प्रकरण कलेक्टर के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा। इसके अतिरिक्त बिना नंबर के वाहनों से खनिज परिवहन किए जाने के मामले में संबंधित वाहन स्वामियों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत नियमानुसार कार्रवाई के लिए जिला परिवहन अधिकारी को पृथक से पत्र भेजा जाएगा। यह संयुक्त अभियान रात्रि 8 बजे से प्रारंभ होकर प्रात: लगभग 4 बजे तक लगातार संचालित किया गया। पूरी कार्रवाई के दौरान पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी स्वयं लगातार टीम से संपर्क में रहे, अभियान की प्रगति की जानकारी लेते रहे तथा आवश्यक मार्गदर्शन एवं सहयोग प्रदान करते रहे। उनके सतत निर्देशन से यह प्रभावी एवं व्यापक कार्रवाई सफलतापूर्वक संपन्न हुई। अभियान में उप पुलिस अधीक्षक अमन मिश्रा, रक्षित निरीक्षक वीरेंद्र कुमरे, खनि निरीक्षक शिशिर यादव सहित पर्याप्त पुलिस बल एवं खनिज विभाग का अमला उपस्थित रहा। कलेक्टर विकास मिश्रा एवं पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध संयुक्त अभियान लगातार जारी रहेगा। किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी, ताकि जिले में अवैध खनन पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके।
