पुलिस विभाग में साढ़े सात हजार पदों पर भर्ती के बाद अब साढ़े आठ हजार और नई नौकरियां

भोपाल, 03 मार्च (वार्ता) मध्यप्रदेश पुलिस आरक्षक के पदों पर लगभग साढ़े सात हजार पदों पर भर्ती की प्रक्रिया लगभग पूर्ण होने के बाद अब साढ़े आठ हजार (8500) और पदों पर भर्ती प्रक्रिया शीघ्र ही प्रारंभ करेगी।

राज्य के पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा ने आज यहां यूनीवार्ता को बताया कि साढ़े सात हजार आरक्षकों के पदों पर भर्ती की प्रक्रिया लगभग पूरी हाे गयी है और अब शीघ्र ही इनके नतीजे घोषित होने वाले हैं। उन्होंने बताया कि राज्य में पुलिस बल की संख्या लगभग सवा लाख है, जिसमें से लगभग 25 हजार पद रिक्त हैं। इन पदों में से साढ़े सात हजार पदों पर भर्ती की प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद साढ़े आठ हजार पदों पर भर्ती की प्रक्रिया प्रारंभ की जा रही है। इस तरह लगभग सोलह हजार पदों पर भर्ती की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। इसके बाद भी नौ से दस हजार पद रिक्त रहेंगे।

उन्होंने कहा कि कार्यालयीन पद काफी समय से रिक्त पड़े थे। पुलिस विभाग ने एक सौ पदों पर स्टेनो और सहायक उप निरीक्षक (एम) के चार सौ रिक्त पदों को भरने के संबंध में प्रस्ताव राज्य सरकार को भेजा था। लगभग दो माह में ही इन पदों को भरने के संबंध में राज्य सरकार और गृह विभाग से स्वीकृति मिल गयी है। काफी वर्षों के बाद इन पदों को भरने की कार्रवाई की जा रही है।

श्री मकवाणा ने कहा कि इसी तरह उप निरीक्षक (एसआई) और सूबेदार के 500 पदों पर भर्तियां करने के लिए सरकार की अनुमति मिल गयी है। इस संबंध में भी प्रक्रिया शीघ्र शुरू की जाएगी। उन्होंने बताया कि लगभग आठ वर्षों बाद इन पदों पर भर्ती की प्रक्रिया प्रारंभ की गयी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इन एक हजार पदों पर भर्ती के अलावा साढ़े सात हजार आरक्षक के पदों के विरुद्ध भर्ती की स्वीकृति भी इन दो माहों के दौरान मिली है।

पुलिस महानिदेशक ने बताया कि पुलिस बल में भर्ती मुख्य रूप से आरक्षक और उप निरीक्षक के तौर पर की जाती है। इन पदों पर कार्यरत कर्मचारियों की पदोन्नति के जरिए पुलिस बल के अन्य पद भरे जाते हैं। उन्होंने कहा कि भर्ती की प्रक्रिया मध्यप्रदेश कर्मचारी चयन मंडल की ओर से निर्धारित परीक्षा आदि पूर्ण करके की जाती है।

 

Next Post

विद्या भारती का पूर्णकालिक कार्यकर्ता अभ्यास वर्ग प्रारंभ, भागवत भी आएंगे

Mon Mar 3 , 2025
भोपाल, 03 मार्च (वार्ता) विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान, नई दिल्ली की ओर से आयोजित अखिल भारतीय पूर्णकालिक कार्यकर्ता अभ्यास वर्ग आज यहां प्रारंभ हो गया, जिसमें देश के 700 से अधिक पूर्णकालिक कार्यकर्ता शामिल हो रहे हैं। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रमुख मोहन भागवत भी इस वर्ग में […]

You May Like