
सिवनी, 1 मार्च (वार्ता) मध्यप्रदेश के सिवनी जिला मुख्यालय में जबलपुर लोकायुक्त के दल ने आज खाद्य विभाग के बींझावाड़ा स्थित कार्यालय में ग्राम कारीरात की एक राशन दुकान में कमी पूर्ति करने एवं धान खरीदी में तय रिश्वत राशि 40 हजार रुपये लेते हुए वाहन चालक कैलाश सनोडिया और कनिष्ठ खाद्य आपूर्ति अधिकारी ज्योति पटले को गिरफ्तार किया है।
लोकायुक्त जबलपुर के डीएसपी दिलीप झरबड़े ने बताया पुलिस महानिदेशक लोकायुक्त जयदीप प्रसाद के भ्रष्टाचार के विरुद्ध सख्त कार्रवाई किए जाने के निर्देश पर जबलपुर लोकायुक्त इकाई के दल ने यह कार्यवाही की है। आवेदक संत कुमार पिता सुखदास कनोजिया निवासी ग्राम करीरात थाना लखनवाड़ा ने शिकायत की थी कि आदर्श स्वसहायता के अंतर्गत धान खरीदी केंद्र एवं उचित मूल्य की दुकान कारीरात में संचालन किया जाता है, जिसमें धान खरीदी के 23 हजार रुपये एवं दुकान संचालन में घटती राशन की पूर्ति के लिए 20 हजार रुपये सहित 43 हजार रुपये की मांग की जा रही थी। इसमें से 40 हजार रुपये की राशि रिश्वत लेते कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी खाद्य विभाग श्रीमती पटले एवं वाहन चालक श्री सनोडिया को ग्राम बींझावाड़ा में संचालित खाद्य विभाग के कार्यालय में रंगे हाथों पकड़ा गया है। दोनों आरोपियों के विरूद्ध भ्रष्टाचार अधिनियम के तहत कार्यवाही की जा रही हैं।
