मंदिर में कैंसर अस्पताल पूरे देश में नई मिसाल बनेगा : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

मंदिर में कैंसर अस्पताल पूरे देश में नई मिसाल बनेगा : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

गढ़ा (छतरपुर) 23 फरवरी (वार्ता) मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा कि बागेश्वर धाम मंदिर में बनने वाला मेडिकल साइंस एण्ड रिसर्च इंस्टिट्यूट पूरे देश में नई मिसाल बनेगा, जिसमें गरीब पीड़ित व्यक्तियों को निःशुल्क इलाज मिल सकेगा। आज का दिन बुंदेलखंड की धरती के लिए उत्साह और उमंग का दिन है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने छतरपुर के गढ़ा में बागेश्वर धाम चिकित्सा एवं विज्ञान अनुसंधान संस्थान की आधारशिला रखी।कार्यक्रम को मुख्यमंत्री डॉ यादव ने भी संबोधित किया। उन्होंने कहा कि बुंदेलखंड की धरती में प्रधानमंत्री श्री मोदी का हार्दिक स्वागत और अभिनंदन है। बागेश्वर धाम को आज आमजन के साथ ही भगवान भी आशीर्वाद दे रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी ने केन-बेतवा नदी जोड़ो अभियान से पहले बुंदेलखंड को बड़ी सौगात दी। डॉ यादव ने कहा कि आज कैंसर अस्पताल के माध्यम से बुंदेलखंड को दूसरी बड़ी सौगात देने जा रहे हैं। बुंदेलखंड में जहां सूखा पड़ता था, वहां पीएम श्री मोदी के आशीर्वाद से सुखी रहने का सुख मिला है। पानी के बंटवारे पर देश के विभिन्न राज्यों में चल रहा विवाद प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में खत्म हो चुका है आज हम देश की नदियों को जोड़ रहे हैं।

डॉ यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में देश में एक अद्भुत समय चल रहा है जो विश्व बंधुत्व और मानव कल्याण की भावना से ओतप्रोत है। उन्होंने प्रधानमंत्री श्री मोदी का अभिनंदन करते हुए कहा कि उन्होंने मध्यप्रदेश को बड़ी सौगात दी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2014 में दुनिया में अर्थव्यवस्था में 11वें नंबर पर भारत का स्थान था, लेकिन आज भारत का दुनिया में पांचवा स्थान है। मुख्यमंत्री ने बागेश्वर धाम के पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री को कैंसर अस्पताल के निर्माण की पहल के लिए बधाई दी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि छतरपुर जिला बागेश्वर धाम एवं छत्रसाल की नगरी है। उनकी हम जयकार करते हैं। डॉ यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी द्वारा वसुधैव कुटुम्बकम की अवधारणा अनुसार सबको साथ लेकर, सबके विकास के लिये सबके विश्वास के साथ काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी के आशीर्वाद से लगातार मध्यप्रदेश में विकास के कार्य हो रहे हैं। प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में भोपाल में 24 एवं 25 फरवरी को ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट का आयोजन हो रहा है। इसमें देश-विदेश की बड़े-बड़े उद्योगपति शामिल हो रहे हैं।

बागेश्वर धाम पीठाधीश्वर पं. धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री ने कहा कि विश्वामित्र का भारत अब विश्व मित्र की भूमिका में है। प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में देश की दशा और दिशा बदलने के साथ ही भारत ने चाँद पर तिरंगा फहराया है। कैंसर हॉस्पिटल की सौगात बुंदेलखंड के लिए सबसे बड़ा उपहार है। धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कहा की प्रधानमंत्री के आगमन से अद्भुत और अकल्पनीय पल आया है। वीरों, हीरों, संत और महंत की भूमि बुंदेलखंड को निश्चित ही हॉस्पिटल की सौगात से लाभ मिलेगा।

पं धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में देश चहुंमुखी विकास की ओर अग्रसर है। बुंदेलखंड में स्वास्थ्य सुविधाओं के विकास से बड़ी संख्या में अंचल के लोगों को आसानी से स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सकेगा। पहली बार मंदिर में अस्पताल की अवधारणा को साकार करने के साथ ही कैंसर हॉस्पिटल को भविष्य में मेडिकल कॉलेज के रूप में विकसित किया जाएगा। बागेश्वर धाम में दवा, ज्ञान और विज्ञान का समन्वय होगा। पं. धीरेन्द्र शास्त्री ने कहा कि रिसर्च इंस्टिट्यूट में एक वार्ड का नाम प्रधानमंत्री श्री मोदी जी की माताजी के नाम पर किया जाएगा। उन्होंने प्रधानमंत्री श्री मोदी को स्वस्थ रहने का आशीर्वाद दिया।

श्री बागेश्वर धाम मेडिकल साइंस एण्ड रिसर्च इंस्टिट्यूट 25 एकड़ क्षेत्रफल में बनेगा। बुंदेलखंड क्षेत्र के ग़रीब असहाय और निर्धन कैंसर रोगियों के लिए एक बड़ा सहारा बनेगा। अस्पताल के पहले चरण में 100 बिस्तरों की सुविधा होगी जिसमें अत्याधुनिक मशीनों और विशेषज्ञ चिकित्सकों के माध्यम से ग़रीब कैंसर रोगियों को नि शुल्क इलाज किया जाएगा। अस्पताल का निर्माण तीन वर्षों में पूर्ण होगा। अस्पताल में फूड कोर्ट, प्रदर्शनी परिसर, दुकानें, सोलर पार्किंग और धर्मशाला जैसी सुविधाएं भी होंगी। पैथोलॉजी, सीटी स्कैन, रेडियोथेरेपी और कीमोथेरेपी जैसी आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं भी उपलब्ध होंगी।

कार्यक्रम में श्री बागेश्वर धाम पीठाधीश्वर श्री धीरेंद्र शास्त्री ने प्रधानमंत्री श्री मोदी को हनुमत यंत्र, श्री बालाजी का विग्रह, सनातन धर्म की पुस्तक और बागेश्वर धाम परिचय पुस्तिका भेंट स्वरूप प्रदान की गई। स्वामी रामभद्राचार्य द्वारा स्वयं रचित साहित्य और अंगवस्त्रम् भी आशीर्वाद स्वरूप भेंट किया गया।

Next Post

श्री गरगज हनुमान मंदिर के महंत को दी भावभीनी विदाई

Mon Feb 24 , 2025
ग्वालियर: बहोड़ापुर स्थित श्री गरगज के हनुमान मंदिर के महंत पूर्णानंद शर्मा का निधन रात्रि में गरगज कॉलोनी में हो गया, सुबह होते होते पूरे शहर में शोक व्याप्त हो गया। महंत जी की अंतिम यात्रा में शहर के हजारों लोगों ने शामिल होकर विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की।लक्ष्मीगंज मुक्तिधाम में […]

You May Like