
उमरिया। जिले के सामान्य वन मंडल के पाली परिक्षेत्र के करकटी इलाके में शनिवार को एक बाघ का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने के बाद वन अमला सकते में आ गया। जानकारी मिलते ही वन विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंच गये ।
बाघ के शव के पास एक अन्य बाघ के पदचिन्ह भी मिले हैं, जिससे यह आशंका जताई जा रही है कि दोनों बाघों के बीच आपसी संघर्ष में एक बाघ की मौत हो गयी है, लेकिन यह आशंका और बाघ की मौत का सही कारण पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
वन विभाग ने तुरंत डॉक्टरों की एक टीम को बुलाया, जो बाघ के शव का पोस्टमॉर्टम करेगी। इसके अलावा, मौके पर फॉरेंसिक जांच भी कराई जा रही है ताकि किसी तरह की शिकार या ज़हर देने की आशंका को दूर किया जा सके। वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि घटना के सभी पहलुओं की बारीकी से जांच की जा रही है। जिसके बाद ही बाघ की मौत का सही कारण पता चल पाएगा ।
