तमिलनाडु में यूपी के खिलाड़ियों का दमदार प्रदर्शन

चंदौली, 1 अगस्त (वार्ता) तमिलनाडु के इडप्पाडी में 25 और 26 जुलाई को आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय कराटे प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कई स्वर्ण और रजत पदक अपने नाम किए।

क्यूकुशीन कराटे के तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता में जेबी कराटे क्लब के खिलाड़ियों ने विभिन्न वर्गों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर उत्तर प्रदेश का गौरव बढ़ाया। प्रतियोगिता में देशभर से आए खिलाड़ियों के बीच जेबी कराटे क्लब के प्रतिभागियों ने तकनीकी दक्षता, अनुशासन, आत्मविश्वास और जुझारूपन का परिचय देते हुए कई मुकाबलों में जीत दर्ज की।

वेट कैटेगरी कुमिते (स्पारिंग) मुकाबलों में जेबी कराटे क्लब के तीन खिलाड़ियों ने अपनी-अपनी श्रेणियों में स्वर्ण पदक जीतकर नेशनल चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। इनमें सूर्यकांत, सौरभ शाव और गौरव शाव शामिल हैं। काता प्रतियोगिता में भी क्लब के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। जूनियर वर्ग में लक्ष्य मिश्रा और सृष्टि कुमारी ने स्वर्ण पदक जीतकर अपनी-अपनी श्रेणियों में राष्ट्रीय चैंपियन का खिताब हासिल किया।

सीनियर वर्ग में प्रिंस गोयल और छोटू कुमार ने स्वर्ण पदक जीतकर क्लब की सफलता में महत्वपूर्ण योगदान दिया। वहीं अंश पांडे और सरकार कुमार ने रजत पदक अपने नाम किए। जेबी कराटे क्लब के कोच एवं प्रबंधन से जुड़े सुनील सिंह ने खिलाड़ियों की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह सफलता उनके निरंतर अभ्यास, अनुशासन और समर्पण का परिणाम है।

उन्होंने कहा, “हमारे खिलाड़ियों ने महीनों तक कड़ी मेहनत और अनुशासन के साथ प्रशिक्षण लिया। उसी का परिणाम है कि तमिलनाडु की धरती पर उत्तर प्रदेश का परचम लहराया है। हमें विश्वास है कि ये खिलाड़ी भविष्य में राष्ट्रीय ही नहीं, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी देश का नाम रोशन करेंगे।”

राष्ट्रीय प्रतियोगिता में मिली इस सफलता के बाद खिलाड़ियों के गृह क्षेत्र में खुशी का माहौल है। परिजनों, खेल प्रेमियों और स्थानीय लोगों ने विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Next Post

मांडविया ने राष्ट्रमंडल खेलों में पदक जीतने वाले नीरज चाेपड़ा और यश वीर सिंह को दी बधाई

Sat Aug 1 , 2026
ग्लासगो, (स्कॉटलैंडल) 01 अगस्त (वार्ता) केन्द्रीय खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने राष्ट्रमंडल खेल 2026 की जैवलिन थ्रो स्पर्धा में देश को दोहरी सफलता दिलाने वाले नीरज चोपड़ा और यश वीर सिंह को बधाई दी। खेल मंत्री मांडविया ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा, “ यादगार डबल पोडियम फिनिश। […]

You May Like