क्षेत्ररक्षण के दौरान रहाणे और अक्षर हुये चोटिल

नयी दिल्ली 30 अप्रैल (वार्ता) दिल्ली कैपिटल्स और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच मंगलवार रात खेले गये मैच में दोनों टीमों के कप्तान अक्षर पटेल और अजिंक्य रहाणे क्षेत्ररक्षण के दौरान चोटिल हो गये।

दिल्ली के कप्तान अक्षर पटेल को कोलकाता नाइट राइडर्स की पारी के 18वें ओवर में रोवमन पॉवेल के शॉट को रोकने के लिए प्रयास में क्षेत्ररक्षण के दौरान उनका हाथ अभ्यास पिच पर रगड़ गया। इसके बाद फिजियो पैट्रिक फारहाट मैदान पर आए और अक्षर उनके साथ ही मैदान से बाहर चले गए।

दूसरी पारी में हालांकि अक्षर बल्लेबाजी के लिए आए और 23 गेंदों में 43 रन बनाए, लेकिन इस दौरान उनके हाथ में दर्द था। मैच के बाद संवाददाता सम्मेलन में उन्होंने कहा, “मेरी हथेली छलांग लगाने के दौरान अभ्यास पिच पर रगड़ने से छील गई। जब भी मैं शॉट मार रहा था तो मुझे दर्द महसूस हो रहा था, लेकिन अच्छा है कि एसआरएच के साथ होने वाले अगले मैच से पहले हमारे पास 3-4 दिन का ब्रेक है, तब तक उम्मीद है कि मैं पूरी तरह से ठीक हो जाऊंगा।”

वहीं केकेआर के कप्तान अजिंक्य रहाणे को फाफ डुप्लेसी के शॉट को रोकने के दौरान चोट लगी। इसके बाद रहाणे तुरंत मैदान से बाहर चले गए और वह क्षेत्ररक्षण के लिए नहीं आए और उनके हाथ में पट्टी लगी हुई दिखी। शेष बचे नौ ओवरों में सुनील नारायण ने कप्तानी की।

मैच के बाद रहाणे ने कहा, “यह चोट उतनी गंभीर नहीं है और मैं जल्दी ही ठीक हो जाऊंगा।”

केकेआर के एक प्रतिनिधि ने बताया कि शुरुआती आकलन में यह चोट अधिक गंभीर नहीं लग रही है, लेकिन फिर भी टीम के फिजियो प्रशांत पंचदा बुधवार सुबह इसकी जांच करेंगे।

केकेआर का अगला मैच चार मई को राजस्थान रॉयल्स (आरआर) के खिलाफ कोलकाता होना है।

Next Post

पेट्रोल और डीजल की कीमतें अपरिवर्तित

Wed Apr 30 , 2025
नई दिल्ली 30 अप्रैल (वार्ता) अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट जारी रहने के बावजूद घरेलू स्तर पर पेट्रोल और डीजल के दाम आज अपरिवर्तित रहे, जिससे दिल्ली में पेट्रोल 94.72 रुपये प्रति लीटर तथा डीजल 87.62 रुपये प्रति लीटर पर पड़े रहे। तेल विपणन करने वाली […]

You May Like

Play sound