ईरान को शांति पूर्ण उद्देश्यों के लिए परमाणु उर्जा के उपयोग का पूरा अधिकारः काज़ेम जलाली

मास्को, 20 अप्रैल (वार्ता) रूस में ईरान के राजदूत काज़ेम जलाली ने कहा है कि परमाणु अप्रसार संधि (एनपीटी) का पूर्ण सदस्य होने के नाते ईरान शांतिपूर्ण कार्यों के लिए परमाणु ऊर्जा का उपयोग करने का हकदार है। रूसी समाचार एजेंसी स्पुतनिक में सोमवार को प्रकाशित एक साक्षात्कार में श्री जलाली ने इस बात पर जोर दिया कि ईरान अपनी भविष्य की परमाणु गतिविधियों को पूरी तरह से संधि के दायरे में रहकर ही संचालित करने का इरादा रखता है। उन्होंने कहा, “एनपीटी के पूर्ण सदस्य के रूप में, हमें उस संधि से मिलने वाले अपने सभी अधिकारों का उपयोग करना चाहिए, विशेष रूप से शांतिपूर्ण उद्देश्यों के लिए परमाणु ऊर्जा का उपयोग।” इससे पहले इसी महीने ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बघाई ने संकेत दिया था कि ईरान के परमाणु ऊर्जा के अधिकार पर कोई समझौता नहीं किया जाएगा।

श्री जलाली ने कहा कि ईरान ने अपनी ‘लक्ष्मण रेखा’ (रेड लाइन्स) तय कर दी है और वह उनसे कोई समझौता नहीं करेगा। उन्होंने यह भी जोड़ा कि तनाव खत्म करने की प्रगति काफी हद तक अमेरिका के रुख पर निर्भर करती है। उनका तर्क था कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प बातचीत के जरिए वह हासिल नहीं कर पाएंगे जो सैन्य दबाव के जरिए हासिल नहीं किया जा सका। इस साल की शुरुआत में तनाव तब बढ़ गया था जब 28 फरवरी को अमेरिका और इजरायल ने ईरानी ठिकानों पर हमले किए थे, जिससे बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचा और नागरिक हताहत हुए थे। इसके बाद सात अप्रैल को घोषित युद्धविराम दो सप्ताह तक चला, लेकिन इस्लामाबाद में हुई बातचीत में कोई समाधान नहीं निकल सका। फिलहाल युद्ध दोबारा शुरू नहीं हुआ है, लेकिन अमेरिका ने ईरानी बंदरगाहों की घेराबंदी कर रखी है और बातचीत दोबारा शुरू करने के लिए राजनयिक प्रयास जारी हैं।

Next Post

जंग में जो जीत नहीं कर सके, उसे मेज पर भी हासिल नहीं पायेंगे ट्रंप : ईरानी दूत

Mon Apr 20 , 2026
तेहरान, 20 अप्रैल (वार्ता) ईरान ने सोमवार को कहा कि अमेरिका-इजरायल की ओर से शुरू किया गया युद्ध अपने किसी भी उद्देश्य को हासिल करने में विफल रहा है। ईरान ने चेतावनी दी कि अमेरिका को बातचीत की मेज पर उस सफलता की उम्मीद नहीं करनी चाहिए, जिसे वह युद्ध […]

You May Like