
इंदौर. लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर व्यापारियों और बिल्डरों को धमकी देने के मामलों में बड़ा खुलासा हुआ है. गैंग को देवास का राहुल उर्फ बाबा शूटर उपलब्ध कराता था. क्राइम ब्रांच अब शूटर उपलब्ध कराने वाले आरोपी राहुल की तलाश कर रही है, पुलिस ने उस पर 10 हजार रुपए का इनाम घोषित किया है.
प्रदेशभर में सक्रिय लॉरेंस गैंग के नेटवर्क को लेकर क्राइम ब्रांच लगातार कार्रवाई कर रही है. जैसे-जैसे कार्रवाई आगे बढ़ रही है, नए-नए खुलासे हो रहे हैं. क्राईम ब्रांच के सामने जांच के दौरान एक और बदमाश कुलदीप चौहान का नाम आया, जो कि खरगोन जेल में बंद था. पुलिस उसे रिमांड पर लेकर पूछताछ कर रही है. पूछताछ में सामने आया है कि कुलदीप चौहान ही गैंग को हथियार उपलब्ध करवाता था. जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि देवास का राहुल उर्फ बाबा नाम का व्यक्ति इस गैंग को शूटर मुहैया कराता है. पुलिस सूत्रों के मुताबिक, उसी ने खरगोन में कॉटन व्यापारी दिलीप राठौर के घर फायरिंग के लिए बदमाशों को भेजा था. इंदौर में भी इसी तरह की वारदात की तैयारी थी.
राहुल ही सुपारी लेकर वारदात के लिए शूटरों को भेजता है
क्राइम ब्रांच को इनपुट मिला है कि राहुल बाबा के पास अपराधी प्रवृत्ति के कई युवक हैं, जिन्हें वह सुपारी लेकर अलग-अलग घटनाओं में इस्तेमाल करता है. आरोपी की तलाश के लिए एसआईटी गठित कर दी गई है और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है. डीसीपी का कहना है कि राहुल बाबा की गिरफ्तारी से लॉरेंस गैंग के बड़े नेटवर्क का खुलासा हो सकता है, जिससे प्रदेश में हो रही धमकी और फायरिंग की घटनाओं पर लगाम लगाई जा सकेगी.
