बुधनी। कांग्रेस नेता विक्रम मस्ताल शर्मा ने लकड़ी के खिलौने बनाने वाले खराद शिल्पियों एवं व्यापारियों से मुलाकात कर समस्याएं सुनीं.
इस दौरान स्थानीय व्यापारियों ने खिलौना निर्माण में उपयोग होने वाली दुधई लकड़ी की उपलब्धता को लेकर वन विभाग के अधिकारियों के समक्ष अपनी बात रखी. व्यापारियों की समस्याओं को लेकर विक्रम मस्ताल शर्मा ने वन परिक्षेत्र अधिकारी राजित द्विवेदी सहित संबंधित विभागीय अधिकारियों से चर्चा की. उन्होंने कहा कि बुधनी क्षेत्र में लकड़ी के खिलौना व्यापार से जुड़े कई परिवार वर्षों से इस पारंपरिक व्यवसाय के माध्यम से जीवन यापन कर रहे हैं, लेकिन वर्तमान में उन्हें विभिन्न प्रक्रियात्मक परेशानियों और संसाधनों की कमी का सामना करना पड़ रहा है. इस दौरान उनके साथ युवा ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सौरभ दुबे लक्की, भाग्योदय दुबे रिंकू मौजूद थे. मुलाकात के दौरान खिलौना व्यापारियों ने व्यापार संचालन में आने वाली दिक्कतों और विभागीय प्रक्रियाओं से होने वाली परेशानियों से अवगत कराया. इस पर कांग्रेस नेता ने अधिकारियों से आग्रह किया कि छोटे एवं मध्यम वर्गीय व्यापारियों की समस्याओं का शीघ्र समाधान किया जाए, ताकि उनका रोजगार प्रभावित न हो और व्यापार सुचारु रूप से चलता रहे. विक्रम मस्ताल शर्मा ने कहा कि शासन-प्रशासन को छोटे व्यापारियों और पारंपरिक कला से जुड़े परिवारों के प्रति संवेदनशीलता के साथ कार्य करना चाहिए। उन्होंने कहा कि स्थानीय व्यापार, पारंपरिक कला और रोजगार से जुड़े हितों की रक्षा करना आवश्यक है, जिससे क्षेत्र के लोगों को रोजगार और व्यापार में किसी प्रकार की बाधा का सामना न करना पड़े.
