पैसों के लेन-देन में सुपारी देकर कराया हमला, 4 आरोपी धराए

इंदौर. एमजी रोड थाना क्षेत्र में चाकू से जानलेवा हमला करने के मामले में मुख्य आरोपी सहित 4 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया है. यह हमला पैसों के लेनदेन के विवाद में मुख्य आरोपी ने 30 हजार रुपए की सुपारी देकर करवाया था.

घटना बुधवार 13 मई की है, जब दो अज्ञात बाइक सवार बदमाशों ने फरियादी पर चाकू से हमला कर सिर पर गंभीर चोट पहुंचाई थी. मामले में फरियादी की शिकायत पर थाना एमजी रोड में केस दर्ज कर जांच शुरू की गई. मामले में पुलिस आयुक्त नगरीय इंदौर के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था) एवं अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त जोन-3 के मार्गदर्शन में सहायक पुलिस आयुक्त के नेतृत्व में थाना प्रभारी एमजी रोड ने टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की थी.

जांच के दौरान पुलिस ने संदिग्ध गौरव चक्रवर्ती को पकड़ा. पूछताछ में उसने खुलासा किया कि जीएसटी के निपटारे को लेकर उसका फरियादी से पैसों का विवाद चल रहा था. फरियादी द्वारा बार-बार पैसे मांगने पर उसने भुगतान से बचने के लिए अपने साथी रितेश मुछाल के जरिए पुष्प वैष्णव और उमेश वैष्णव को 30 हजार रुपए में सुपारी देकर हमला करवाया. योजना के तहत दोनों हमलावर बिना नंबर की बाइक से मास्क पहनकर पहुंचे और फरियादी पर चाकू से हमला कर फरार हो गए थे. पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.

 

आरोपियों का पहले से भी आपराधिक रिकार्ड रहा है

गिरफ्तार आरोपियों में गौरव चक्रवर्ती, रितेश मुछाल, पुष्प वैष्णव और उमेश वैष्णव शामिल हैं. पुलिस के अनुसार आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड भी रहा है और इनके खिलाफ पूर्व में कई गंभीर मामले दर्ज हैं. मामले में थाना प्रभारी विजय सिंह सिसौदिया ने बताया कि पैसों के विवाद में सुपारी देकर हमला करवाने वाले सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, मामले में आगे की विवेचना की जा रही है.

Next Post

CUET परीक्षा के कारण बदला MP बोर्ड की द्वितीय परीक्षा का शेड्यूल, अब 19 और 26 मई को होंगे ये पेपर

Sun May 17 , 2026
सीहोर। माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के रिजल्ट के बाद 10वीं और 12वीं फेल विद्यार्थियों के लिए सप्लीमेंट्री की जगह द्वितीय परीक्षा चल रही है. लेकिन कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट की परीक्षाओं को देखते हुए माशिमं ने परीक्षा के समय में बदलाव किया है. अब 19 मई को कृषि, गृह विज्ञान, अकाउंटेंसी […]

You May Like