
गुना। केंद्रीय मंत्री एवं क्षेत्रीय सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया अपने तीन दिवसीय प्रवास के तहत बुधवार देर रात गुना पहुंचे। गुरुवार सुबह उन्होंने सिंधिया जनसंपर्क कार्यालय पर जनसुनवाई कर क्षेत्र की जनता से सीधे संवाद किया। इस दौरान सैकड़ों लोग अपनी-अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे, जिन्हें सिंधिया ने धैर्यपूर्वक वन-टू-वन सुना। उपस्थित जिला प्रशासन के अधिकारियों को उन्होंने तत्काल आवेदनों का निराकरण करने के निर्देश दिए। कलेक्टर किशोर कन्याल और एसपी अंकित सोनी भी इस दौरान मौके पर मौजूद रहे।
जनसुनवाई के बाद सिंधिया ने जिले में करोड़ों की लागत से होने वाले विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इनमें विकासखंड बमोरी के ग्राम हनुमानमूंदरा में चार विद्युत सबस्टेशन — हनुमानमूंदरा, कालीभोंट, करोंद और धनवाड़ी — का लोकार्पण किया गया। इसके साथ ही पाँच नई सड़कों और हाई स्कूल भवन कपासी का उद्घाटन भी किया गया, जिन पर कुल 18 करोड़ रुपये की लागत आई है। इस अवसर पर उन्होंने विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि विकास कार्यों की गति निरंतर तेज की जाएगी और जनता से किए गए हर वादे को पूरा किया जाएगा। इसके बाद दोपहर में सिंधिया पंचमुखी हनुमान मंदिर सिंगवासा पहुंचे, जहां उन्होंने क्षेत्र की बहुप्रतीक्षित परियोजना सिंगवासा एवं मावन के बीच 50 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले रेलवे ओवरब्रिज का भूमिपूजन होगा | सिंधिया के इस दौरे के दौरान बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
