
० सर्वेयरों के साथ ही पात्र हितग्राही भी स्वयं के मोबाईल से कर सकते हैं आवेदन, ग्रामीण परिवारों को मिलेगा योजना का लाभ
नवभारत न्यूज
सीधी 11 फरवरी। प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण (ग्रामीण) में पक्का आवास उपलब्ध कराने के लिए सर्वे की कार्यवाही सीधी जिले में भी शुरू है। इस संबंध में ग्रामीण विकास मंत्रालय भारत सरकार ने आवास प्लस की सूची को अपडेट करने के लिए आवास प्लस सर्वे प्रारंभ किया है।
प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण का सर्वे जिले में ग्राम पंचायत में नियुक्त किए गए सचिव/रोजगार सहायक के माध्यम से शुरू हो चुका है। सर्वे कार्य आवास प्लस एप्प 2024-25 के माध्यम से हो रहा है। इसमें हितग्राही स्वयं के मोबाईल से भी आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए ग्रामीण विकास मंत्रालय एनआईसी द्वारा आवास प्लस 2.0 नाम से मोबाईल एप्प डेवलप किया गया है। सर्वे के लिए ग्राम पंचायत स्तर के कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया गया है। सर्वे का कार्य 31 मार्च 2025 तक पूर्ण कर लिया जाएगा। प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण अंतर्गत केन्द्रीय मंत्रिमंडल द्वारा योजना को आगामी 5 वर्ष के लिए मंजूरी प्रदान की गई है। उक्त संबंध में सर्वे किया जा रहा है वहीं प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण में स्थाई प्रतीक्षा सूची में पात्र परिवारों के नाम जोडऩे की कार्यवाही की जा रही है। आवास प्लस 2024 सर्वे हेतु आवश्यक कार्यवाहियों में योजना का पर्याप्त प्रचार-प्रसार, ग्राम पंचायत के सर्वेयर का नाम एवं उनका मोबाईल नम्बर समस्त ग्राम पंचायतों को सरकारी भवनों में लेख करानेए जहां आवश्यक हो बैनर होर्डिंग लगाने के साथ ही नियुक्त सर्वेयर ग्राम पंचायत के समस्त पात्र परिवारों के नाम सर्वे में जोडऩे इस हेतु क्लस्टर स्तर पर नोडल अधिकारी नियुक्त किए गए हैं।
बताया गया है कि आवास प्लस सर्वे के कार्य में प्रथम नामांकित सर्वेयर जो घर-घर जाकर हितग्राही की व्यक्तिगत जानकारी लेकर मोबाईल ऐप के माध्यम से नाम जोड़ रहे तथा द्वितीय माध्यम में हितग्राही स्वयं के मोबाईल से अपने आधार नम्बर को दर्ज करते हुए फेस आथेंटिकेशन के माध्यम से अपना नाम जोड़ सकेगा। आवास प्लस सर्वे 2024 में नाम जोड़े जाने के संबंध में राज्य शासन से प्राप्त निर्देश जिले के सभी मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत को कार्यालयीन पत्रों के माध्यम से प्रेषित किए गए थे। आवास प्लस सर्वे को लेकर ग्रामीण क्षेत्रों के ऐसे हितग्राहियों में काफी उत्साह देखा जा रहा है जिनको अभी तक योजना का लाभ नहीं मिला है। समीपी पंचायतों के कुछ रहवासियों का कहना था कि उनके यहां आवास योजना का इंतजार काफी पात्र हितग्राहियों को अब उम्मीदें हुई हैं कि आवास योजना का लाभ मिलेगा।
००
इन्हें नहीं मिलेगा आवास योजना का लाभ
प्रधानमंत्री आवास प्लस योजना के लिए पात्रता का निर्धारण किया गया है। योजना के तहत कुछ परिवारों को उनकी वित्तीय स्थिति और संपत्ति के आधार पर योजना में अपात्र की श्रेंणी में रखा गया है। इसमें जिन परिवारों के पास किसान क्रडिट कार्ड है और उनकी क्रेडिट सीमा 50 हजार रुपए या उससे अधिक है। सरकारी कर्मचारी या गैर कृषि उद्यम वाले। 15 हजार रुपए से अधिक मासिक आय वाले या आयकर का भुगतान करने वाले परिवार। जिन परिवारों के पास रेफ्रीजरेटर, लैंडलाइन फोन या सिंचित भूमि 2.5 एकड़ से अधिक जैसी संपत्ति है वह योजना के तहत अपात्र हैं। केन्द्रीय ग्रामीण विकास मंत्रालय द्वारा पात्र हितग्राहियों को पक्का आवास उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है। ऐसे परिवार जो कच्चे तथा जीर्ण-शीर्ण मकानों में रह रहे हैं उनको बुनियादी सुविधायुक्त पक्का आवास उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है। योजना के तहत ग्रामीण महिलाओं को पक्के आवासों का पूर्ण स्वामित्च प्रदान किया जा रहा है। योजना से अभी तक वंचित लोगों को विशेष प्राथमिकता के साथ पक्का आवास उपलब्ध कराया जाएगा।
००
इनका कहना है
आवास प्लस योजना के सर्वे के लिए एप्प लांच हुआ है। सीधी जिले में आवास योजना के लिए सर्वे का कार्य सर्वेयर के माध्यम से प्रारंभ किया गया है। साथ ही इस योजना में सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि इसमें हितग्राही स्वयं के मोबाईल से भी आवेदन कर सकते हैं। सर्वे का कार्य 31 मार्च 2025 तक किया जाएगा। सर्वे के माध्यम से सभी पात्र हितग्राहियों के नाम जोडऩे की प्राथमिकता रहेगी। जिससे कोई भी पात्र हितग्राही योजना के लाभ से वंचित न रहे।
अंशुमान राज, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सीधी
००००००००००००००
