इंदौर:युवती से बातचीत को लेकर उपजे विवाद में एक युवक की लाठी और सरिए से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई. वारदात में शामिल मुख्य आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य पांच हमलावरों की तलाश जारी है.
हत्या का कारण बनी बहन से छेड़छाड़ की आशंका
घटना द्वारकापुरी क्षेत्र की है, जहां 30 वर्षीय अज्जू पिता राजू लुढेरे की बंजारा समाज धर्मशाला के पास लाठी और सरिए से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई. अज्जू मजदूरी करता था और अविवाहित था. मृतक के भतीजे आशू के मुताबिक, एक युवक अपनी बहन के साथ वहां आया था और अज्जू उससे बातचीत कर रहा था. इसी दौरान युवक को शक हुआ कि अज्जू ने उसकी बहन के साथ छेड़छाड़ की है. इस पर गुस्साए युवक ने अपने रिश्तेदारों और करीब छह साथियों के साथ मिलकर अज्जू को घेर लिया और डंडों-सरियों से बेरहमी से पीट दिया. गंभीर रूप से घायल अज्जू को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए एमवाय अस्पताल भेजा. घटना के बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी को हिरासत में ले लिया है. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मुख्य आरोपी फर्नीचर का काम करता है. बाकी हमलावरों की पहचान के लिए पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है. मृतक अज्जू के परिवार में उसका बड़ा भाई पिंटू, जो ऑटो चालक है, और माता-पिता हैं। पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है.
