मौसम की बदली रंगत, रात में गुलाबी ठंड
जबलपुर। मौसम का मिजाज बदल गया है। कड़ाके की ठंड गायब हो गई है और दिन में अब धूप चुभने लगी है, रात में जरूर गुलाबी ठंड महसूस हो रही है। मंगलवार को सुबह से सूर्यदेव निकले रहे। दिन में सूरज के तेवर के सामने ठंड कमजोर पड़ी रही। लोगों को गर्मी का एहसास हुआ। घरों, कार्यालायों में दिन में पंखे भी चले। हालांकि शाम को हल्की ठंड बनी रही।
मौसम विभगा की माने तो चक्रवातीय परिसंचरण पश्चिमोत्तर राजस्थान और संलग्न मध्य पाकिस्तान में माध्य समुद्र तल से 1.5 किमी की ऊंचाई पर सक्रिय है। एक ट्रफ उत्तर-पश्चिम राजस्थान और संलग्न मध्य पाकिस्तान पर बने चक्रवाती परिसंचरण से गुजरात से होते हुए उत्तर-पूर्व अरब सागर तक माध्य समुद्र तल से 1.5 किमी ऊंचाई पर अवस्थित है। चक्रवातीय परिसंचरण दक्षिण राजस्थान और निकटवर्ती क्षेत्रो में माध्य समुद्र तल से 0.9 किमी की ऊंचाई पर सक्रिय है। पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र के ऊपर माध्य समुद्र तल से 12.6 किमी ऊपर 296 किमी प्रति घंटे की गति से उपोष्ण पश्चिमी जेट स्ट्रीम हवाएँ बह रही है। 8 फरवरी से एक नए पश्चिमी विक्षोभ के द्वारा पश्चिमोत्तर भारत को प्रभावित करने की संभावना है।
ऐसा रहा तापमान
मंगलवार को अधिकतम तापमान 33.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो सामान्य से 8 डिग्री अधिक रहा। न्यूनतम तापमान 15.6 डिग्री पर पहुंच गया जो सामान्य से 4 डिग्री अधिक रहा। सुबह के वक्त आद्रता 83 और शाम को 57 प्रतिशत दर्ज की गई। उत्तर-पूर्वी हवाएं 3 से 4 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से चली।