
तेन्दुएं की मौत के बाद अलर्ट मोड, वन अमले ने डॉग स्क्वॉड के साथ की छानबीन
जबलपुर। पिपरिया वन परिक्षेत्र जबलपुर में तेंदुए की मौत के बाद वन विभाग अलर्ट मोड में आ गया है। अमले ने डॉग स्क्वॉड की सहायता से घटना स्थल एवं उसके आस पास छानबीन की कार्यवाही की। देवरी गांव में एक बंद कमरे की सर्चिंग के दौरान हथियारों का जखीरा और जाल समेत अन्य सामान मिला। टीमें हथियारेां के साथ जाल जब्त कर मामले की छानबीन कर रही है साथ ही इसका भी पता लगाया जा रहा है कि मकान किसका है। इसके साथ ही यह भी संभावना जाहिर की जा रही है कि वन्यजीव का शिकार करने के लिए यह हथियार रखे गए थे यहां तक की पूर्व में आसपास के क्षेत्र में जिन वन जीव के शिकार हुए इसके तार भी इसी से जुड़ रहे है।
मृत तेन्दुए का पीएम हुआ, दो पंजे कटे मिले-
वनभूमि कक्ष क्रमांक-आर.एफ 244 बीट पिपरिया वन परिक्षेत्र जबलपुर में एक फरवरी को एक तेंदुआ मृत मिला था। जिसका पोस्टमार्टम विशेषज्ञ वन्यजीव चिकित्सक डॉ देवेन्द्र पधोडे, वरिष्ठ पशु चिकित्सक जबलपुर, डॉ. अमोल रोकडे, वरिष्ठ पशु चिकित्सक के द्वारा किया गया है। वन्यजीव तेन्दुआ के पिछले पैर के दो पंजे कटे हुए थे और सभी अंग सुरक्षित पाये गये। शवदाह की कार्यवाही कमल अरोरा, मुख्य वन संरक्षक मध्य वन वृत्त जबलपुर, ऋषि मिश्र, वन मण्डलाधिकारी, सामान्य वन मण्डल जबलपुर, प्रदीप श्रीवास्तव, उपवनमण्डलाधिकारी जबलपुर, अपूर्व प्रखर शर्मा, परिक्षेत्र अधिकारी जबलपुर वन्यप्राणी विशेषज्ञ मनीष कुलश्रेष्ठ की उपस्थिति में की गई।
कार्यवाही की हुई वीडियोग्राफी-
समस्त कार्यवाही की फोटोग्राफी एवं वीडियो ग्राफी की गई है। प्रकरण में वन अपराध दर्ज कर अग्रिम कार्यवाही जारी है।
