मुंबई, 21 जनवरी (वार्ता) तेलंगाना उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति आलोक अराधे ने मंगलवार को बंबई उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश के रूप में शपथ ली।
महाराष्ट्र के राज्यपाल सी. पी. राधाकृष्णन ने राजभवन मुंबई के दरबार हॉल में आयोजित एक संक्षिप्त शपथ ग्रहण समारोह में मुख्य न्यायाधीश आलोक अराधे को पद की शपथ दिलाई।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, उप मुख्यमंत्री अजित पवार, महाराष्ट्र विधानसभा के अध्यक्ष राहुल नार्वेकर, कौशल विकास मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा, बॉम्बे उच्च न्यायालय के न्यायाधीश और वरिष्ठ सरकारी अधिकारी उपस्थित रहे।
मुख्य न्यायाधीश द्वारा हस्ताक्षरित शपथ पर प्रतिहस्ताक्षर करने के बाद राज्यपाल ने नये मुख्य न्यायाधीश को फूलों का गुलदस्ता भेंट किया। दोनों उपमुख्यमंत्रियों और मुख्य सचिव ने भी मुख्य न्यायाधीश को फूल भेंट कर बधाई दी।
इससे पहले मुख्य सचिव सुजाता सौनिक ने भारत सरकार द्वारा जारी मुख्य न्यायाधीश की नियुक्ति की अधिसूचना पढ़ी।
शपथ ग्रहण समारोह की शुरुआत राष्ट्रगान और राज्य गीत की प्रस्तुति के साथ हुई और समापन पुलिस बैंड द्वारा राष्ट्रगान बजाने के साथ हुआ।
