यादव लाड़ली बहनों के खाते में 12 जनवरी को अंतरित करेंगे राशि

भोपाल, 11 जनवरी (वार्ता) मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डाॅ मोहन यादव 12 जनवरी को 1.27 करोड़ लाड़ली बहनों के खाते में 1553 करोड़ की राशि अंतरित करेंगे।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विजन को मिशन के रूप में साकार करने मुख्यमंत्री डॉ. के नेतृत्व में मध्यप्रदेश सरकार प्रतिबद्ध है। प्रधानमंत्री श्री मोदी का ध्येय मंत्र जीवायएएन (ग़रीब, युवा, अन्नदाता और नारी) पर ध्यान है। मुख्यमंत्री ज्ञान से ध्यान के मंत्र के चार स्तंभों में से एक ‘युवा’ के सशक्तिकरण पर केन्द्रित ‘स्वामी विवेकानंद युवा शक्ति मिशन’ का शुभारंभ राष्ट्रीय युवा दिवस 12 जनवरी को स्वामी विवेकानंद की 162वीं जयंती पर रवीन्द्र भवन सभागृह में प्रात: 11:30 बजे करेंगे।

मुख्यमंत्री ने बताया कि मध्यप्रदेश के विकास में युवाओं की व्यापक क्षमताओं का उपयोग करने के उद्देश्य से तैयार किये गए इस मिशन का नामकरण युवाओं के आदर्श स्वामी विवेकानंद के नाम पर किया गया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं के कल्याण में कोई कसर नहीं छोड़ रही है। मुख्यमंत्री ने बताया कि युवाओं को नौकरी दिए जाने की श्रृंखला में तीन वर्ष के रिक्त पद पीएससी के माध्यम से एक ही वर्ष में भरे जाएंगे, हालांकि इनके लिए परीक्षाएं अलग-अलग होंगी। उन्होंने घोषणा की है कि जल्द ही बैकलॉग के खाली पदों के लिए भी भर्ती की जाएगी।

डॉ. मोहन यादव स्वामी विवेकानंद जयंती पर प्रदेश की एक करोड़ 27 लाख लाड़ली बहनों के खाते में 1553 करोड़ रूपये, 55 लाख सामाजिक सुरक्षा पेंशन के हितग्राहियों के खाते में 335 करोड़ रूपये और 27 लाख बहनों के खाते में गैस रीफिलिंग के 27 करोड़ रूपये से अधिक की राशि अंतरित करेंगे।

रवीन्द्र भवन सभागृह में ‘स्वामी विवेकानंद युवा शक्ति मिशन’ के शुभारंभ अवसर पर खेल, युवा कल्याण एवं सहकारिता मंत्री विश्वास सारंग, पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री श्रीमती कृष्णा गौर, सांसद आलोक शर्मा, उच्च शिक्षा एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार और कौशल विकास एवं रोजगार राज्यमंत्री गौतम टेटवाल उपस्थित रहेंगे।

‘स्वामी विवेकानंद युवा शक्ति मिशन’ के शुभारंभ पर मध्यप्रदेश को गौरवांवित करने वाला वर्ल्ड रिकॉर्ड बनने जा रहा है। स्वामी विवेकानंद जयंती, राष्ट्रीय युवा दिवस पर भोपाल के शौर्य स्मारक में विश्व की सबसे बड़ी 3-डी रंगोली भी आकर्षण का केंद्र होगी। स्वामी विवेकानंद पर बनी हुई रंगोली 18 हजार स्क्वेयर फीट में है। इस 225 गुणित 80 फीट की 3-डी रंगोली को बनाने में 4 हजार किलोग्राम प्राकृतिक रंगों (ईको फ्रेंडली) का उपयोग किया गया है। रंगोली में प्रधानमंत्री श्री मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी दिखाई देंगे। यह रंगोली युवाओं को मिशन के ध्येय वाक्य ‘संवाद, सामर्थ्य और समृद्धि’ का संदेश देगी। इस रंगोली को इंदौर की रंगोली कलाकार शिखा शर्मा जोशी और उनकी टीम बना रही है। शिखा शर्मा देश के सबसे स्वच्छ शहर इंदौर की ब्रांड एंबेसेडर हैं। शिखा नेपाल और थाईलैंड में उत्कृष्टता पुरस्कार जीत चुकी हैं। वे जयपुर के इंटरनेशनल यूथ फेस्टिवल में भी गोल्ड मेडल हासिल कर चुकी हैं। शिखा शर्मा विश्व के करीब 70 हजार बच्चों को रंगोली कला सिखा चुकी हैं।

मुख्यमंत्री प्रात: 10:30 बजे शौर्य स्मारक में 3-डी रंगोली का शुभारंभ करेंगे। राष्ट्रीय युवा दिवस एवं स्वामी विवेकानंद युवा शक्ति मिशन के शुभारंभ अवसर पर शौर्य स्मारक में 12 जनवरी को आमजन के लिये प्रवेश नि:शुल्क रहेगा।

डॉ. यादव शासकीय सुभाष उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में विद्यार्थियों के साथ सूर्य नमस्कार करेंगे। स्वामी विवेकानंद की 162वीं जयंती पर मनाए जाने वाले युवा दिवस के उपलक्ष्य सामूहिक सूर्य नमस्कार का आयोजन प्रात: 9:30 से 10:30 तक किया जाएगा।

 

 

Next Post

बाबा साहब की पुण्‍यभूमि महू के लिए कांग्रेस ने कोई कार्य नहीं किया-विष्णुदत्त

Sat Jan 11 , 2025
भोपाल, 11 जनवरी (वार्ता) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि बाबा साहब डॉ भीमराव अंबेडकर की पुण्यभूमि महू के लिए कांग्रेस ने कोई कार्य नहीं किया। श्री शर्मा ने भाजपा मुख्यालय में पत्रकारों से बातचीत करते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस ने जिंदगी भर […]

You May Like