बाबा साहब की पुण्‍यभूमि महू के लिए कांग्रेस ने कोई कार्य नहीं किया-विष्णुदत्त

भोपाल, 11 जनवरी (वार्ता) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि बाबा साहब डॉ भीमराव अंबेडकर की पुण्यभूमि महू के लिए कांग्रेस ने कोई कार्य नहीं किया।

श्री शर्मा ने भाजपा मुख्यालय में पत्रकारों से बातचीत करते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस ने जिंदगी भर बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर का अपमान किया है। बाबा साहब की जन्मस्थली महू में कांग्रेस और राहुल गांधी ने कोई कार्य नहीं किया है। कांग्रेस पार्टी ने “जय बापू, जय भीम, जय संविधान“ रैली जनता को भ्रमित करने के लिए निकाल रही है। इस यात्रा में शामिल होने राहुल गांधी भी बाबा साहब की जन्मस्थली पुण्यभूमि महू आ रहे हैं। राहुल गांधी को महात्मा गांधी, बाबा साहब से माफी मांगनी चाहिए, इसके बाद वे महू आएं।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं ने दलित समाज को बेजुबान कहा है। दलित भाई-बहनों का कांग्रेस नेताओं ने उनका अपमान किया है, इसके लिए उन्हें माफी मांगनी चाहिए। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी महात्मा गांधी ‘‘बापू‘‘ और बाबा साहब के विचारों को जमीन पर उतारने और जन-जन तक पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। भाजपा ने बाबा साहब के कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए 11 से 25 जनवरी तक संविधान गौरव अभियान शुरू किया है। इस अभियान के तहत भाजपा बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के विचारों और कार्यां को सम्मेलन, सभाएं व विशेष संपर्क कर जनता तक पहुंचाने का कार्य करेगी।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस पार्टी और उसके नेताओं ने अपने राजनैतिक स्वार्थ के लिए बाबा साहब की पुण्य भूमि महू का चयन किया है। महू बाबा साहब की जन्मस्थली है। देश में 55 साल से अधिक समय तक राज करने वाली कांग्रेस पार्टी ने बाबा साहब की जन्मस्थली व उनसे जुड़े अन्य स्थलों के लिए कोई कार्य नहीं किया। भाजपा की सरकारों ने बाबा साहब की जन्मस्थली को स्मारक बनाकर तीर्थ स्थल के रूप में विकसित किया है। श्री मोदी के नेतृत्व में भाजपा सरकार ने बाबा साहब से जुड़े स्थलों को पंचतीर्थ बनाने का कार्य किया है। पंचतीर्थ में महू स्थित जन्म स्थली, लंदन में पढ़ाई के समय जहां रहते थे वह स्थान, दीक्षा भूमि, परिनिर्वाण स्थल शामिल हैं।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सोच हमेशा से डॉ. अंबेडकर विरोधी रही है। आज भी कांग्रेस पार्टी और राहुल गांधी डॉ. अंबेडकर विरोधी विचारधारा पर कार्य कर रहे हैं। राहुल गांधी ने अध्यादेश फाड़कर संविधान की धज्जियां उड़ाई थीं। राहुल गांधी को बाबा साहब, बापू और संविधान के अपमान के लिए देश की जनता से माफी मांगने ‘‘क्षमा‘‘ यात्रा निकालनी चाहिए।

श्री शर्मा ने कहा कि कांग्रेस के नेता दलित समाज को बेजुबान कहा है। आजादी की लड़ाई के समय से लेकर अब तक हजारों दलित व आदिवासी भाई-बहनों ने अपनी वीरता, शौर्य, पराक्रम दिखाकर देश के लिए अपने प्राणों का बलिदान तक दिया है। ऐसे समाज के लिए कांग्रेस पार्टी ने बेजुबान जैसे शब्दों का उपयोग कर उनका घोर अपमान किया है। इसके लिए कांग्रेस को माफी मांगनी चाहिए।

श्री शर्मा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने न कभी बाबा साहब का और न ही संविधान का सम्मान किया। कांग्रेस बताये बाबा साहब अंबेडकर ने जिस संविधान का निर्माण किया, देश को अच्छी दिशा दी, उन बाबा साहब को कानून मंत्री पद से इस्तीफा क्यों देना पड़ा। संविधान में हर व्यक्ति को अपना पक्ष रखने का अधिकार है। लेकिन संविधान बनाने वाले बाबा साहब को कांग्रेस ने इस अधिकार से वंचित किया था। कांग्रेस पार्टी को यह स्पष्ट करना चाहिए कि उसने बाबा साहब भीमराव अंबेडकर के त्याग-पत्र को जनता के सामने क्यों नहीं आने दिया।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के सपनों को साकार कर रहे हैं। देश में 55 साल तक राज करने वाली कांग्रेस ने स्वच्छता को लेकर कोई कार्य नहीं किया। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी स्वच्छता को मिशन बनाकर कार्य कर रहे हैं और उनके कार्यों से देश की जनता में स्वच्छता के प्रति जनजागृति भी आई है।

 

Next Post

केजरीवाल ने शराब में 2026.91 करोड़ के घोटाले किए: यादव

Sat Jan 11 , 2025
नयी दिल्ली, 11 जनवरी (वार्ता) दिल्ली प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष देवेन्द्र यादव ने शनिवार को शराब से संबंधित दिल्ली सरकार की नीति को लेकर आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधा और कहा कि अपने भ्रष्टाचार को छुपाने के लिए नियंत्रक एवं महालेखापरीक्षक (कैग) की […]

You May Like