भोपाल। हमारा लक्ष्य केवल इलाज नहीं बल्कि टीबी को जड़ से खत्म करना है और इसके लिए तकनीक और जनभागीदारी दोनों जरूरी हैं। यह बात उपमुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने मंगलवार को गांधी चिकित्सा महाविद्यालय के सभागार में विश्व क्षय रोग दिवस के अवसर पर कही. इस दौरान उन्होंने राज्य स्तरीय टीबी क्विज और 100 दिवसीय सघन टीबी जांच अभियान का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत डीन डॉ कविता एन सिंह के स्वागत भाषण से हुई. जिसमें उन्होंने टीबी उन्मूलन को सामूहिक जिम्मेदारी बताया। इसके बाद राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की मिशन संचालक डॉ सलोनी सिढाना ने टीबी की वर्तमान स्थिति, चुनौतियों और उपचार की रणनीतियों पर विस्तार से जानकारी दी। वहीं राज्य स्तरीय टीबी क्विज रहा में प्रतिभागियों ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया। जिसमें चयनित विजेताओं को उपमुख्यमंत्री ने सम्मानित भी किया. अपने उद्बोधन में उन्होंने कहा कि हैंड होल्ड एक्सरे मशीन और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसी नई तकनीकों के उपयोग से टीबी की पहचान और इलाज को और प्रभावी बनाया जा सकता है। कार्यक्रम का आयोजन राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, राज्य टीबी डिवीजन और गांधी चिकित्सा महाविद्यालय के संयुक्त प्रयास से हुआ। इस दौरान राज्य क्षय अधिकारी, हमीदिया अस्पताल और क्षेत्रीय क्षयरोग संस्थान के अधिकारी, मुख्य चिकित्सा और स्वास्थ्य अधिकारी सहित बड़ी संख्या में डॉक्टर, संकाय सदस्य और नर्सिंग के विद्यार्थी उपस्थित रहे।
