अंबेडकर जयंती पर हिसार से अयोध्या के लिए वाणिज्यिक उड़ान को हरी झंडी दिखायेंगे मोदी

नयी दिल्ली 12 अप्रैल (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अंबेडकर जयंती के अवसर पर सोमवार को हरियाणा का दौरा करेंगे और हिसार से अयोध्या के लिए वाणिज्यिक उड़ान को हरी झंडी दिखाएंगे तथा हिसार हवाई अड्डे के नए टर्मिनल भवन का शिलान्यास करेंगे।

श्री मोदी एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे।

प्रधानमंत्री इसके बाद यमुनानगर में विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। वह इस अवसर पर भी उपस्थित जनसमूह को संबोधित करेंगे।

प्रधानमंत्री हवाई यात्रा को सुरक्षित, किफायती और सभी के लिए सुलभ बनाने की सरकार की प्रतिबद्धता के अनुरूप हिसार में महाराजा अग्रसेन हवाई अड्डे के 410 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाले नए टर्मिनल भवन की आधारशिला रखेंगे। इसमें अत्याधुनिक यात्री टर्मिनल, कार्गो टर्मिनल और एटीसी भवन शामिल होंगे। वह हिसार से अयोध्या के लिए पहली उड़ान को भी हरी झंडी दिखाएंगे। हिसार से अयोध्या (सप्ताह में दो बार) के लिए निर्धारित उड़ानों, जम्मू, अहमदाबाद, जयपुर और चंडीगढ़ के लिए सप्ताह में तीन उड़ानों के साथ, यह विकास हरियाणा की विमानन कनेक्टिविटी में एक महत्वपूर्ण छलांग लगाएगा।

क्षेत्र में बिजली के बुनियादी ढांचे को बढ़ावा देने के साथ-साथ अंतिम छोर तक बिजली पहुंचाने के विजन के साथ, प्रधानमंत्री यमुनानगर में दीनबंधु छोटू राम थर्मल पावर प्लांट की 800 मेगावाट की आधुनिक थर्मल पावर यूनिट की आधारशिला रखेंगे। कुल 233 एकड़ में फैली यह यूनिट, जिसकी कीमत लगभग 8,470 करोड़ रुपये है, हरियाणा की ऊर्जा आत्मनिर्भरता को महत्वपूर्ण रूप से बढ़ावा देगी और पूरे राज्य में निर्बाध बिजली आपूर्ति प्रदान करेगी।

गोबरधन, यानी गैल्वनाइजिंग ऑर्गेनिक बायो-एग्रो रिसोर्सेज धन के विजन को आगे बढ़ाते हुए, प्रधानमंत्री यमुनानगर के मुकरबपुर में एक संपीड़ित बायोगैस प्लांट की आधारशिला रखेंगे। प्लांट की वार्षिक उत्पादन क्षमता 2,600 टन होगी और यह स्वच्छ ऊर्जा उत्पादन और पर्यावरण संरक्षण में योगदान करते हुए प्रभावी जैविक अपशिष्ट प्रबंधन में मदद करेगा।

श्री मोदी भारतमाला परियोजना के तहत करीब 1,070 करोड़ रुपये की लागत वाली 14.4 किलोमीटर लंबी रेवाड़ी बाईपास परियोजना का भी उद्घाटन करेंगे। इससे रेवाड़ी शहर में भीड़भाड़ कम होगी, दिल्ली-नारनौल की यात्रा का समय करीब एक घंटे कम होगा और क्षेत्र में आर्थिक और सामाजिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।

Next Post

इटली के उप प्रधानमंत्री तजानी ने राष्ट्रपति मुर्मु से मुलाकात की

Sat Apr 12 , 2025
नयी दिल्ली,12 अप्रैल (वार्ता) इटली के उप प्रधानमंत्री एवं विदेश मंत्री एंटोनियो तजानी ने शनिवार को यहां राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात की। राष्ट्रपति ने श्री तजानी और उनके प्रतिनिधिमंडल का स्वागत करते हुए कहा , “ भारत और इटली दोनों ही प्राचीन सभ्यतागत विरासत में निहित […]

You May Like