नयी दिल्ली, 19 नवंबर (वार्ता) कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष एवं लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने चुनावी लोकतंत्र को पवित्र बताते हुए कहा है कि भारत में इसमें अनियमितता हो रही है , लेकिन इसके बावजूद विपक्ष चुनाव का बहिष्कार नहीं करेगा।
अमेरिका की यात्रा पर गये श्री गांधी ने शिकागो विश्वविद्यालय में छात्रों और शिक्षाविदों के साथ संवाद के दौरान कहा है कि जिस दिन विपक्ष ने चुनाव लड़ना छोड़ दिया उस दिन जनता का लोकतंत्र से भरोसा उठ जायेगा। उनका कहना था कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) यही चाहती है लेकिन विपक्ष ऐसा नहीं होने देगा। उन्होंने कहा कि यह सत्ता की नहीं, बल्कि संविधान की रक्षा की लड़ाई है।
श्री गांधी ने दावा किया कि भाजपा का राजनीतिक ढांचा अगले छह से आठ महीनों में कमजोर होकर ढह जायेगा और उसके कई मंत्री विपक्ष के संपर्क में हैं। उन्होंने कहा कि विपक्ष ऐसे भारत को स्वीकार नहीं करेगा जहां लोगों को लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखने का अधिकार न हो।
पाकिस्तान के साथ बातचीत के सवाल पर उन्होंने कहा कि जब तक पाकिस्तान भारत में आतंकवाद को समर्थन देना बंद नहीं करता, तब तक उससे बातचीत नहीं की जा सकती है। निर्दोष भारतीयों की हत्या और आतंकवाद को समर्थन जारी रहने के बीच बातचीत संभव नहीं है।
ईरान युद्ध के भारत पर प्रभाव का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि देश पहले से आर्थिक दबाव, महंगाई और आम लोगों की परेशानियों से जूझ रहा था। युद्ध ने इन समस्याओं को और गंभीर कर दिया है।
श्री गांधी ने कहा कि भारत को वैश्विक मुद्दों पर होने वाली बातचीत में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। ईरान और अमेरिका के साथ बातचीत करने का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि भारत के इन देशों के साथ ऐतिहासिक और मजबूत संबंध होने के बावजूद वह पूरे घटनाक्रम में केवल दर्शक बना हुआ है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विदेश नीति पर टिप्पणी करते हुए श्री गांधी ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय संबंध केवल व्यक्तिगत मित्रता के आधार पर नहीं चलते बल्कि देशों के हितों और उनकी वैश्विक भूमिका को ध्यान में रखकर विदेश नीति तय की जानी चाहिए।
इजरायल के साथ भारत के संबंधों पर उन्होंने कहा कि रक्षा क्षेत्र में अच्छी तकनीक और हथियार उपलब्ध कराने के कारण दोनों देशों के बीच अच्छे संबंध होने चाहिए और भारत की विदेश नीति उसके हितों पर आधारित होनी चाहिए।
श्री गांधी ने सात अक्टूबर 2023 की घटना की कड़ी निंदा करते हुए इसे भयावह बताया और गाजा में इजरायल की कार्रवाई की भी निंदा की। उन्होंने कहा कि दोनों घटनाओं में जो गलत है, उसे गलत कहना जरूरी है।
