सिंगरौली । जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सासन पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 3 किलो 298 ग्राम गांजा के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गांजा परिवहन में प्रयुक्त होंडा मोटरसाइकिल भी जप्त की है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 65 हजार रुपये और मोटरसाइकिल की कीमत 80 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार गत दिवस सहायक उपनिरीक्षक विजय अग्निहोत्री को मुखबिर से सूचना मिली कि एक युवक काले रंग की होंडा मोटरसाइकिल वाहन क्रमांक एमपी 66 एमएच 2283 से पीले रंग के झोले में गांजा लेकर सासन रिलायंस टाउनशिप रोड होते हुए ग्राम चांचर जाने वाला है। सूचना से वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराने के बाद पुलिस टीम ने स्वतंत्र गवाहों के साथ सासन रिलायंस टाउनशिप-सिद्धीकला मार्ग पर घेराबंदी की। इस दौरान संदिग्ध युवक को मोटरसाइकिल और झोले सहित पकड़ लिया गया। तलाशी लेने पर झोले से 3 किलो 298 ग्राम गांजा बरामद हुआ। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अजय कुमार बैस उर्फ बुल्लू उम्र 23 वर्ष पिता अशोक कुमार बैस निवासी ग्राम चांचर चौकी सासन के रूप में हुई है। पुलिस ने गांजा और मोटरसाइकिल जप्त कर अपराध के तहत धारा 8/20(बी) एनडीपीएस एक्ट में प्रकरण दर्ज किया है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय बैढ़न में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। उक्त कार्रवाई एसपी षियाज केएम के निर्देश पर चौकी प्रभारी प्रियंका मिश्रा के नेतृत्व में सुमंत कोल, राजकुमार शाक्य, मो. कौशर, प्रवीण तिवारी एवं सहजानंद सिंह की सराहनीय भूमिका रही।
