जबलपुर: केंट थाना अंतर्गत सदर बाजार मार्ग पर स्कूटी सवार दो शातिर बदमाशों ने स्कूटी से महिला की गोद में रखा पर्स छीनकर रफूचक्कर हो गए। पर्स में 25 हजार रुपये नगद, स्मार्टफोन और जरूरी दस्तावेज थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, लार्डगंज के हर्षित नगर निवासी सौविक बनर्जी (53) पत्नी अनुश्री बनर्जी के साथ स्कूटी क्रमांक एमपी 20 एस एच 1362 पर दशहरे की शॉपिंग के लिए निकले थे। दंपति ने पहले समदड़िया मॉल और कटंगा गोरखपुर बाजार में खरीदारी की।
इसके बाद वे महानद्दा स्थित मॉल 11 पहुंचे। वहां से शॉपिंग पूरी कर दोनों पुल नंबर-4 होते हुए सदर बाजार की तरफ बढ़ रहे थे। गुरु गोविंद सिंह खालसा स्कूल के पास पीछे से एक स्कूटी पर सवार दो लड़के तेज रफ्तार में आए। पीड़ित कुछ समझ पाते, इससे पहले ही स्कूटी पर पीछे बैठे लड़के ने अनुश्री बनर्जी की गोद में रखे पर्स पर झपट्टा मारा और उसे छीन लिया। वारदात को अंजाम देकर दोनों भाग निकले। पर्स में 25 हजार रुपये की नगदी, मोबाइल फोन, क्रेडिट कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस और आधार कार्ड रखा हुआ था।
