इंदौर: शहर में कल रंगपंचमी पर रंगारंग गेरे निकलेगी. इसको लेकर आज कलेक्टर कार्यालय में गेर आयोजकों और प्रशासन के अधिकारियों के बैठक हुई. बैठक में डीजे बजाने पर प्रतिबंध लगाया गया है और जनता की सुरक्षा को लेकर विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं.शहर में रविवार 8 मार्च को परंपरागत रंग पंचमी का त्यौहार मनाया जाएगा. रंगपंचमी पर शहर के तय मार्गों से विभिन्न संस्थाओं द्वारा रंगारंग गेर निकाली जाएगी. कलेक्टर शिवम वर्मा और डीसीपी आनंद कलादगी की मौजूदगी में हुई बैठक में बताया गया कि हुड़दंग करने वालों के विरूद्ध सख्त कार्यवाही की जाएगी. गेर में डीजे प्रतिबंधित रहेगा.
गेर की व्यवस्थाओं को प्रशासन, पुलिस और आयोजकों के संयुक्त प्रयासों से ही बेहतर बनाया जा सकता है. गेर आयोजन की तैयारियां अंतिम दौर में है. गेर शहर में परम्परागत रूप से निर्धारित मार्गों से निकलेगी. कलेक्टर वर्मा ने गेर आयोजकों से कहा कि अपनी-अपनी गेर निर्धारित समय पर तय क्रम से ही निकालें. समय का विशेष रूप से पालन करें. आयोजक यह तय करें कि किसी भी तरह की हुड़दंग नहीं हो. पूर्ण शालीनता बनी रहे. कोई भी अवांछित सामग्री का उपयोग नहीं करें और न ही गेर में शामिल लोगों पर फेंके. बैठक में बताया गया कि डीजे प्रतिबंधित रहेगा. आयोजकों से गेर में अनुमति प्राप्त वाहनों को ही शामिल करने का कहा गया. वाहन के ड्राइवर का लाइसेंस हो. बैठक में आयोजकों बताया गया कि राधा-कृष्ण फाग यात्रा ,टोरी कार्नर, मारल क्लब, संगम कार्नर आदि संस्थाओं द्वारा निकाली जाएगी.
ड्रोन और वाच टॉवर से निगरानी
बैठक में डीसीपी आनन्द कलादगी ने कहा कि आयोजन के दौरान सीसीटीवी, ड्रोन, वीडियो कैमरों और वाच टावर से विशेष निगरानी रखी जाएगी. सभी स्वागत मंच सड़क के एक तरफ लगवाए जाएंगे. उन्होंने कहा कि गेर में किसी भी तरह की हुड़दंग करने वालों को छोड़ा नहीं जाएगा. हथियार सहित पकड़े जाने पर असामाजिक तत्वों पर कार्रवाई होगी. शराबियों पर भी कार्रवाई होगी. उन्होंने कहा कि गेर इंदौर की गौरवशाली धरोहर है और सबके सहयोग से ही अधिक बेहतर बनाया जा सकता है. बैठक में प्रशासन ने बताया गया कि आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए फायर ब्रिगेड, एम्बुलेंस, चिकित्सकों की विशेष व्यवस्था की जाएं. बैठक में नगर निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल,एडीएम रोशन राय सहित जिला प्रशासन, पुलिस एवं अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद थे.
