सतना : दिवाली से पहले शहर के प्रमुख बाजार क्षेत्रों में बढ़ी गहमा-गहमी के चलते शहर के बाजार क्षेत्र सहित प्रमुख मार्ग व चौराहों पर लगातार जाम की स्थिति देखने को मिल रही है. जिसके चलते त्योहार से पहले खरीददारी करने के लिए निकलने वालों की मुसीबत बढ़ती नजर आने लगी है. वहीं यातयात अमले की अनदेखी ने इस समस्या को कई गुना अधिक बढ़ा दिया है.
पन्ना रोड, कोठी तिराहा, सिविल लाइन चौराहा, रीवा रोड, सेमरिया चौराहा, कृष्ण नगर रोड, खेरमाई रोड, जगतदेव तालाब रोड, स्टेशन रोड, अस्पताल रोड, लालता चौक, पन्नीलाल चौक, अस्पताल चौक, जयस्तंभ चौक, यहां तक कि कोतवाली चौक से लेकर बाजार क्षेत्र का इलाका इन दिनों जबरदस्त जाम से प्रभावित होता नजर आ रहा है. आलम यह है कि उक्त स्थानों पर सुबह से लेकर देर शाम तक पग पग पर जाम की स्थिति बनती रहती है. जिसके चलते दिवाली से पहले खरीददारी करने के लिए निकलने वाले लोगों की परेशानी खासी बढ़ चुकी है. लोगों को हो रही परेशानी के साथ साथ उनका समय भी अधिक जाया हो रहा है.
ऐसा नहीं है कि शहर के कुछ इक्का-दुक्का प्रमुख माने जाने वाले चौराहों पर यातायात कर्मी उपलब्ध नहीं रहते. लेकिन हर समय जाम की स्थिति बने रहने के बावजूद भी उनकी भूमिका महज मूकदर्शक बने रहने तक सीमित नजर आ रही है. यातायात कर्मियों की सक्रियता केवल तभी देखने को मिलती है जब पुलिस अथवा प्रशासनिक अधिकारियों के वाहन वहां से गुजरते हैं. सेमरिया चौक से लेकर पन्ना रोड तक निजी बसों के चालक सवारियां भरने के लिए मनमाने ढंग से यातायात बाधित करते दिखाई देने के बावजूद भी यातायात कर्मियों की कोई सकारात्मक भूमिका देखने को नहीं मिलती. यही स्थिति आटो और ई रिक्शा के मनमाने संचालन में भी देखने को मिलती है. नतीजतन कभी एंबुलेंस तो कभी विद्यालय वाहन के साथ साथ आमजन अक्सर जाम में फंसे नजर आते हैं.
धनतेरस से दिवाली तक प्रतिबंध
नगर पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी के अनुसार त्योहार के समय शहर में बढ़ते यातायात के दबाव को देखते हुए नई व्यवस्था लागू की जा रही है जो 6 नवंबर से लेकर 8 नवंबर तक प्रभावी रहेगी. धनतेरस से लेकर दिवाली तक दोपहर 12 बजे से लेकर रात्रि 12 बजे तक कोतवाली तिराहा, अंधेरी पुलिया, विनोद टीवी सेंटर, अस्पताल चौक, जगतदेव तालाब के सामने, पुरानी आबकारी के सामने, ईदगाह चौक और गौशाला चौक से शहर की ओर जाने वाले मार्ग पर आटो, ई रिक्शा और चार पहिया वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा. इस दौरान महामाया, रेलवे स्टेशन यार्ड, अंधेरी पुलिया के सामने निर्धारित पार्किंग स्थल में वाहन खड़े किए जा सकेंगे. जबकि रीवा रोड पर वाहनों को सफेद पट्टी के अंदर ही खड़ा किया जा सकेगा
