ग्वालियर: त्योहारी सीजन में सुगम यातायात व्यवस्था हेतु सड़क पर उतरी यातायात झांसी रोड पुलिस ने नियम तोड़ने वाले 42 वाहनों पर स्पॉट फाइन किया।तेज आवाज वाले मॉडिफाइड साइलेंसर बुलेट व ब्लैक फिल्म लगी थार गाड़ी पर भी शिकंजा कसते हुए 21,000 रुपए जुर्माना वसूल किया।आगामी त्योहारों के दौरान शहर में ट्रैफिक का दबाव देखते हुए सड़कों को अतिक्रमण व अव्यवस्था से मुक्त कराने के लिए यातायात पुलिस एक्शन मोड में आ गई है। प्रभारी पुलिस अधीक्षक श्रुतकीर्ति सोमवंशी एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुजावल जग्गा के निर्देशों के तहत उप पुलिस अधीक्षक (यातायात) अजीत सिंह चौहान की मौजूदगी में झांसी रोड यातायात टीम ने पटेल नगर और सिटी सेंटर के भीड़भाड़ वाले व्यावसायिक क्षेत्रों में पैदल मार्च किया।
सघन चेकिंग अभियान के दौरान मुख्य सड़कों एवं फुटपाथ पर नो-पार्किंग क्षेत्र में खड़े होकर बाधा उत्पन्न करने वाले 16 चार पहिया और 26 दो पहिया (कुल 42 वाहन) चालकों के खिलाफ ऑन-द-स्पॉट सख्त कार्रवाई की गई। इस दौरान कुल 21,000 की समन राशि वसूल की गई। इसी कड़ी में पुलिस ने कानफोड़ू मॉडिफाइड साइलेंसर के साथ फर्राटा भर रही एक बुलेट और शीशों पर डार्क ब्लैक फिल्म चढ़ाकर घूम रही एक थार को भी जब्त कर भारी चालान थमाया। साथ ही चालकों को सख्त चेतावनी दी गई कि वाहन सिर्फ तय पार्किंग स्लॉट में ही खड़े करें।
इस विशेष प्रवर्तन कार्रवाई में उप पुलिस अधीक्षक अजीत सिंह चौहान के साथ थाना यातायात झांसी रोड प्रभारी निरीक्षक धनंजय शर्मा, सूबेदार आयुष मिश्रा एवं फील्ड स्टाफ मौजूद रहा।
यातायात विभाग ने शहर के नागरिकों और दुकानदारों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि पर्वों के समय शॉपिंग के लिए निकलते समय अपने वाहन निर्धारित स्थान पर ही पार्क करें। सड़क पर अवैध पार्किंग और आवागमन में बाधा डालने वाली गाड़ियों पर यह दंडात्मक कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
