
जबलपुर। सेवा संकल्प अभियान के तहत जबलपुर के 328 स्कूलों में ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। प्रतियोगिताओं के पुरस्कार वितरण कार्यक्रम में विद्यार्थियों को अपने भविष्य के साथ देश के भविष्य की भी कल्पना करने और विकसित भारत के निर्माण में योगदान देने का संदेश दिया गया। शासकीय एमएलबी स्कूल में भाजपा प्रदेश कोषाध्यक्ष अखिलेश जैन, स्टेमफील्ड स्कूल में महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू और ब्रिटिश फोर्ट फाउंडेशन स्कूल में प्रदेश मीडिया सह प्रभारी श्रीकांत साहू सहित अन्य पदाधिकारियों ने प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र वितरित किए। अखिलेश जैन ने कहा कि प्रतियोगिता का उद्देश्य केवल चित्र बनाना या भाषण देना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को यह सोचने के लिए प्रेरित करना है कि वे भविष्य में देश और समाज को किस रूप में देखना चाहते हैं।महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू ने विद्यार्थियों से अपने लक्ष्य तय कर आगे बढ़ने का आह्वान करते हुए कहा कि हर बच्चे को यह तय करना चाहिए कि वह भविष्य में क्या बनना चाहता है। वहीं श्रीकांत साहू ने कहा कि देश का निर्माण सरकार या किसी एक व्यक्ति से नहीं, बल्कि करोड़ों नागरिकों के सामूहिक प्रयास से होता है और बच्चों का सपना भी भविष्य में बड़ा बदलाव ला सकता है। विभिन्न स्कूलों में हुए पुरस्कार वितरण कार्यक्रमों में उपाध्यक्ष रजनीश यादव, राजेश मिश्रा, मनीष जैन कल्लू, चित्रकांत शर्मा, नरेश चौधरी सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे और प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया।
