
नई दिल्ली, 31 अक्टूबर 2025 : अमेरिका में जारी संघीय सरकार के शटडाउन ने देश भर में खाद्य संकट को बढ़ा दिया है। न्यूयॉर्क राज्य ने सोमवार को घोषणा की कि अब संघीय (केंद्र सरकार की) खाद्य सहायता अस्थायी रूप से बंद कर दी जाएगी। अमेरिकी कृषि विभाग (USDA) ने अपर्याप्त धनराशि के कारण नवंबर के लिए फूड स्टैम्प वितरण को रोकने का निर्देश दिया है। इससे लगभग 4.2 करोड़ जरूरतमंद नागरिकों को खाद्य सहायता प्रदान करने वाला सबसे बड़ा एंटी-हंगर प्रोग्राम SNAP प्रभावित हुआ है।
न्यूयॉर्क की गवर्नर कैथी होचुल ने इस स्थिति पर आपात स्थिति घोषित करते हुए 65 मिलियन डॉलर (लगभग ₹538 करोड़) के राज्य कोष की घोषणा की है, ताकि नागरिकों को 40 मिलियन भोजन उपलब्ध कराए जा सकें। गवर्नर होचुल ने ट्रंप प्रशासन पर आरोप लगाते हुए कहा कि रिपब्लिकन पार्टी की सरकार ने वैधानिक रूप से स्वीकृत संघीय इमरजेंसी फंड में अरबों डॉलर जारी करने से इनकार कर दिया है, जबकि देश के लाखों लोग भूख के संकट से जूझ रहे हैं।
स्थिति और बिगड़ने के बीच, मंगलवार को अमेरिका के 25 राज्यों के डेमोक्रेटिक गवर्नरों और अटॉर्नी जनरल्स ने ट्रंप सरकार के खिलाफ अदालत में याचिका दाखिल की है। इस मुकदमे में उन्होंने ट्रंप सरकार के उस निर्णय को चुनौती दी है, जिसमें राष्ट्रपति ने यह दावा किया था कि उनके पास लाखों अमेरिकियों के लिए खाद्य सहायता जारी रखने हेतु आपातकालीन फंड का इस्तेमाल करने का अधिकार नहीं है। याचिकाकर्ताओं ने अदालत से आग्रह किया है कि वह कृषि विभाग (USDA) को इस कार्यक्रम को जारी रखने का निर्देश दे।
