
उज्जैन। कामदारपुरा में मंगलवार रात रिक्शा चार्जिंग पर लगाते समय चालक को करंट लगा गया। उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। ऐसा ही हादसा सोमवार शाम नीलगंगा क्षेत्र से भी सामने आया था। 7 दिन में तीन घटनाएं हो चुके हैं।
जीवाजीगंज थाना प्रभारी प्रतीक शर्मा ने बताया कि कामदारपुरा में रिक्शा चार्जिंग पर लगते समय करंट लगने से मोहम्मद समीर पिता मोहम्मद रफीक 25 साल की मौत होने की खबर मिलने पर पुलिस घटनास्थल पहुंची थी। उसे चरक अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद शव को पोस्टमार्टम कक्ष भेज दिया। मामले में मर्ग कायम किया गया, बुधवार सुबह पोस्टमार्टम कराया गया। परिजन ने बताया कि समीर एक बच्चे का पिता था। बताया जा रहा है कि रिक्शा कंपनी से मिली चार्जिंग केबल को लम्बा करने के लिये उसमें कट लगाकर दूसरा तार जोड़ा गया था। जोड़ खुला होने की वजह से मोहम्मद समीर को करंट लगा है। जिसका खुलासा जांच के बाद हो पायेगा। रात में हुई घटना से पहले सोमवार रात नीलगंगा थाना क्षेत्र के कवेलू कारखाने के पास भी रिक्शा चालक आनंद पिता लखन 20 साल की करंट लगने से मौत होने का मामला सामने आया था। जिसकी जांच नीलगंगा थाना पुलिस द्वारा की जा रही है। यहीं नहीं 13 जुलाई की रात भैरवगढ़ थाना क्षेत्र के आबूखाना का रहने वाला रिक्शा चालक मनोहर पिता मेहरबान चार्जिंग पर लगाते समय करंट की चपेट में आने से मरा गया था।
