
धार, कलेक्टर श्री राजीव रंजन मीना की अध्यक्षता में जिला सडक़ सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विधायक श्रीमती नीना वर्मा, पुलिस अधीक्षक श्री सचिन शर्मा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में जिले में सडक़ दुर्घटनाओं की रोकथाम, यातायात व्यवस्था को सुरक्षित एवं सुचारु बनाने तथा दुर्घटना संभावित स्थलों पर आवश्यक सुधारात्मक उपाय करने के संबंध में चर्चा की गई।
पुलिस अधीक्षक श्री सचिन शर्मा ने बताया कि भारी वाहनों का अत्यधिक दबाव, शराब पीकर वाहन चलाना तथा दुर्घटना के बाद घायलों को गोल्डन ऑवर में त्वरित उपचार नहीं मिल पाना जनहानि के प्रमुख कारण हैं। पीथमपुर औद्योगिक क्षेत्र में भारी वाहनों की आवाजाही अधिक होने के कारण दो नए ब्लैक स्पॉट चिन्हित किए गए हैं। इन स्थलों पर दुर्घटनाओं के कारणों का आकलन कर आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई की जा रही है।
बैठक में पीथमपुर क्षेत्र में वाहनों की गति सीमा 40 किलोमीटर प्रति घंटा निर्धारित करने तथा बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों को पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल नहीं देने के निर्देश दिए गए। साथ ही रॉन्ग साइड वाहन चलाने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने पर जोर दिया गया।
विधायक श्रीमती नीना वर्मा ने कहा कि पीथमपुर औद्योगिक क्षेत्र होने के कारण यहां भारी वाहनों का आवागमन लगातार बना रहता है। उन्होंने टोल से प्राप्त राशि का उपयोग सडक़ सुरक्षा संबंधी सुधार कार्यों में करने, सडक़ों पर अव्यवस्थित स्पीड ब्रेकरों को दुरुस्त करने तथा अतिक्रमण हटाने की आवश्यकता बताई। उन्होंने आपातकालीन परिस्थितियों में एम्बुलेंस की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने, कम उम्र के बच्चों को वाहन नहीं देने, लर्निंग लाइसेंस बनवाने के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा वाहन चालकों के लाइसेंस की नियमित जांच करने पर भी जोर दिया। साथ ही दुर्घटना में घायलों की मदद करने वाले नागरिकों को प्रोत्साहित करने के लिए ‘राहवीर योजना’ का व्यापक प्रचार-प्रसार करने की बात कही।
कलेक्टर श्री मीना ने संबंधित विभागों को अपने-अपने क्षेत्र में यातायात व्यवस्था में सुधार के लिए आवश्यक प्रस्ताव तत्काल प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) को अग्नि सुरक्षा, एम्बुलेंस सहित अन्य आपातकालीन संसाधनों की उपलब्धता एवं बेहतर प्रबंधन सुनिश्चित करने तथा संबंधित विभागों के बीच समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए।
कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने महिंद्रा ब्रिज एवं निर्माणाधीन फ्लाईओवर का निरीक्षण किया
बैठक के पश्चात कलेक्टर श्री राजीव रंजन मीना ने पीथमपुर क्षेत्र में महू-नीमच फोरलेन स्थित महिंद्रा ब्रिज का निरीक्षण किया। उन्होंने हाल ही में हुई सडक़ दुर्घटना के घटनास्थल का जायजा लेते हुए दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए आवश्यक सुधारात्मक उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।इसके बाद कलेक्टर ने थाना पीथमपुर क्षेत्र के इण्डोरामा में निर्माणाधीन फ्लाईओवर का निरीक्षण किया।
फ्लाईओवर निर्माण के कारण भारी वाहनों को टाटा स्टील चौराहे से फैक्ट्री क्षेत्र की ओर डायवर्ट किया गया है। इससे संबंधित मार्ग पर भारी वाहनों का दबाव बढऩे के कारण दुर्घटनाओं की आशंका बनी हुई है। कलेक्टर ने निर्माण कार्य की धीमी गति पर भी ध्यान देते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही करने, निर्माण कार्य में तेजी लाने तथा भारी वाहनों के आवागमन को व्यवस्थित करने के निर्देश दिए, ताकि यातायात सुचारु रहे और दुर्घटनाओं की आशंका को कम किया जा सके। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक श्री सचिन शर्मा सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर ने पुलिस प्रशासन सहित सभी संबंधित विभागों को यातायात व्यवस्था की नियमित निगरानी करने तथा निर्धारित निर्देशों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने आपसी समन्वय से सडक़ सुरक्षा संबंधी उपायों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए, जिससे सडक़ दुर्घटनाओं में कमी लाने के साथ आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
