शिक्षा में संस्कार के साथ स्वावलंबन, स्वाभिमान व मूल्य आवश्यक 

रीवा। प्रदेश के पंचायत एवं ग्रामीण विकास तथा श्रम मंत्री और रीवा जिले के प्रभारी मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल ने कहा है कि शिक्षा में संस्कार के साथ स्वावलंबन, स्वाभिमान व मूल्य आवश्यक हैं. विश्वविद्यालय शिक्षा का उद्गम स्थल है, जहाँ से कई पीढिय़ाँ सफलताओं के शिखर पर पहुंचती हैं और आने वाले समय में भी पीढिय़ाँ उत्तरोत्तर आगे बढ़ती रहेंगी.

उन्होंने विश्वविद्यालय की स्थापना के लिए मनीषियों के संकल्पों को पूरा करने का आह्वान किया. प्रभारी मंत्री ने अवधेश प्रताप सिंह विश्वविद्यालय के 58वें स्थापना दिवस पर विश्वविद्यालय परिवार को शुभकामनाएं दीं. विश्वविद्यालय के पंडित शंभूनाथ शुक्ल सभागार में स्थापना दिवस समारोह में प्रभारी मंत्री ने कहा कि शिक्षा के विषय में हमारे वेदों ने सद्विचार उद्धरित किए हैं. शिक्षा सिर्फ बुद्धि बढ़ाने का माध्यम नहीं है. शिक्षकों, विद्यार्थियों और अभिभावकों की भी इसमें सक्रिय भागीदारी आवश्यक है. उन्होंने कहा कि परिश्रम से ही सफलता में उच्च स्थान प्राप्त होता है. सद्विचार व्यक्ति को ऊंचाईयों तक पहुंचाने में सक्षम होते हैं. श्री पटेल ने युवा पीढ़ी से नशे से दूर रहने का आह्वान किया. उन्होंने कहा कि आज के परिवेश में नशा चुनौती बन गया है. इससे दूर रहकर ही आने वाली पीढ़ी का भविष्य उज्ज्वल होगा. उन्होंने पानी का बचाव करने तथा वृक्षारोपण कर इनको संरक्षित करने का आह्वान इस अवसर पर किया. श्री पटेल ने विश्वविद्यालय में नवीन पाठ्यक्रम प्रारंभ करने के लिए कुलगुरू को बधाई दी तथा संस्कृति एवं विरासत के क्रम में बघेलखण्ड के साहित्य, स्टार्टअप, सामुदायिक भागीदारी आदि से संबंधित पाठ्यक्रमों को भी शामिल किए जाने का सुझाव दिया. उन्होंने अपने उद्बोधन से पूर्व नशामुक्ति की शपथ उपस्थित व्यक्तियों को दिलाई. इस अवसर पर सेवानिवृत्त अधिकारियों-कर्मचारियों को सम्मानित किया गया. विश्वविद्यालय की शोध पत्रिका का विमोचन मुख्य अतिथि द्वारा किया गया. इससे पूर्व प्रभारी मंत्री ने अवधेश प्रताप सिंह की मूर्ति पर माल्यार्पण किया तथा विश्वविद्यालय परिसर में वृक्षारोपण किया. आभार प्रदर्शन प्रो0 सुनील तिवारी द्वारा किया गया. पूर्व महापौर वीरेन्द्र गुप्ता, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती नीता कोल आदि मौजूद रहे.

आज का दिन पुरानी स्मृतियों को याद करने का दिन

अध्यक्षीय उद्बोधन में कुलगुरू राजेन्द्र कुमार कुड़रिया ने कहा कि आज का दिन पुरानी स्मृतियों को याद करने व भविष्य के संकल्प को पूरा करने का दिन है. अवधेश प्रताप सिंह विश्वविद्यालय के लिए गौरव का दिन है जबकि प्रभारी मंत्री जी स्थापना दिवस समारोह में शामिल हुए. कुलगुरू ने बताया कि विश्वविद्यालय में नवीन सत्र से 32 डिप्लोमा व डिग्री के पाठ्यक्रम प्रारंभ किए गए हैं जो समय के हिसाब से कारगर व उपयोगी साबित होंगे. कुलसचिव सुरेन्द्र सिंह परिहार ने स्वागत उद्बोधन दिया.

Next Post

प्रभारी मंत्री ने ब्रम्हानंद यादव को दी श्रद्धांजलि

Sun Jul 20 , 2025
रीवा।प्रदेश के पंचायत एवं ग्रामीण विकास तथा श्रम मंत्री और रीवा जिले के प्रभारी मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल ने मुख्यमंत्री के ससुर स्वर्गीय ब्रम्हानंद यादव को श्रद्धांजलि अर्पित की. रीवा स्थित स्वर्गीय यादव के संजय नगर निवास में प्रभारी मंत्री ने श्रद्धासुमन अर्पित किए. उन्होंने परिजनों से भेंट कर उन्हें […]

You May Like