जेल प्रहरी के कपड़ों और जूतों में मिले बीड़ी-तंबाकू के पैकेट, विभागीय जांच शुरू

इंदौर. जिला जेल के मुख्य द्वार पर तलाशी के दौरान एक प्रहरी के पास से बीड़ी और तंबाकू के पैकेट मिलने का मामला सामने आया है. आरोप है कि ये सामान जेल के भीतर बंद कैदियों तक पहुंचाने के लिए छिपाकर ले जाया जा रहा था. चरस मिलने की बात भी सामने आई है, लेकिन जेल प्रशासन ने इसकी पुष्टि नहीं की है. मामला सामने आने के बाद संबंधित प्रहरी को जेल की ड्यूटी से हटा दिया है और विभागीय स्तर पर जांच शुरू कर दी गई है.

पिछले दिनों रात जिला जेल के मुख्य द्वार पर उप जेलर राकेश उपाध्याय, चंद्रिका पटेल, नानूराम सोनी और विजय आर्य की तैनाती थी. रात करीब 2 बजे जेल प्रहरी देवेंद्र चौहान ड्यूटी पर पहुंचा. प्रवेश के दौरान नियमानुसार उसकी तलाशी ली गई तो कपड़ों और जूतों में छिपाकर रखे बीड़ी व तंबाकू के पैकेट मिले। सूत्रों ने बरामदगी में चरस भी शामिल होने का दावा किया है, हालांकि इस संबंध में आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. तलाशी लेने और सामान जब्त करने की प्रक्रिया जेल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में पूरी की गई. जेल अधीक्षक जवाहर मंडलोई ने प्रहरी के पास से बीड़ी और तंबाकू के पैकेट मिलने की पुष्टि की है. हालांकि, उन्होंने चरस मिलने की बात से इनकार किया है. ऐसे में मादक पदार्थ की बरामदगी को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है. जेल सूत्रों के मुताबिक, शुरुआती पूछताछ में प्रहरी ने कथित तौर पर बताया कि चरस द्वारकापुरी क्षेत्र के नशा कारोबारी शुभम नेपाली तक पहुंचाई जानी थी. शुभम फिलहाल जिला जेल में बंद है. यह भी आशंका जताई जा रही है कि बीड़ी और तंबाकू के पैकेट दूसरे कैदियों तक पहुंचाए जाने थे. चर्चा है कि इस काम के बदले प्रहरी को मोटी रकम मिलनी थी. हालांकि, इन दावों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी. जिला जेल की सुरक्षा व्यवस्था पहले भी सवालों के घेरे में आ चुकी है. कुछ दिन पहले खजराना के बिल्डर मनोज नागर पर हमले के आरोपी सोनू खरगोश पर जेल के भीतर चाइनीज चाकू से हमला किया था. घटना के बाद उसे सेंट्रल जेल स्थानांतरित कर दिया था. अब जेल के ही एक प्रहरी के पास से संदिग्ध सामान मिलने से सुरक्षा व्यवस्था और जेल के भीतर प्रतिबंधित वस्तुओं की पहुंच को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं. फिलहाल प्रहरी को जेल ड्यूटी से हटाकर विभागीय जांच की जा रही है. जांच में यह स्पष्ट होगा कि सामान किसके लिए ले जाया जा रहा था और इस मामले में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका भी है या नहीं.

Next Post

चोरी के तीन मामलों में दो साल से फरार बदमाश गिरफ्तार

Wed Oct 28 , 2026
इंदौर. चोरी के तीन मामलों में करीब दो साल से फरार चल रहे एक आरोपी को लसूड़िया पुलिस ने गिरफ्तार किया है. उसके साथ पकड़ा गया दूसरा आरोपी भी धार जिले के बदनावर में एक गंभीर अपराध में आजीवन कारावास की सजा सुनाए जाने के बाद से फरार था. पुलिस […]

You May Like