नई दिल्ली 26 जून (वार्ता) राष्ट्रीय जांच एजेन्सी (एनआईए) ने पंजाब के पूर्व मंत्री मनोरंजन कालिया के घर पर बब्बर खालसा इंटरनेशनल से जुड़े ऑपरेटिव द्वारा किये गये ग्रेनेड हमले की जांच के सिलसिले में गुरूवार को पंजाब के साथ-साथ हरियाणा और उत्तर प्रदेश में 18 जगहों पर तलाशी अभियान चलाया।
एनआईए के प्रवक्ता ने बताया कि एजेन्सी की टीमों ने सुबह 18 स्थानों पर तलाशी शुरू की और मोबाइल, डिजिटल डिवाइस तथा दस्तावेजों सहित कई आपत्तिजनक सामग्री जब्त की। यह तलाशी बब्बर खालसा इंटरनेशनल (बीकेआई) के ऑपरेटिव कुलबीर सिद्धू, अमेरिका स्थित गैंगस्टर मनीष उर्फ काका राणा और भारत तथा अन्य देशों में स्थित उनके संपर्कों जुड़े संदिग्धों के परिसरों पर तलाशी ली गई।
हरियाणा के यमुनानगर का मूल निवासी कुलबीर सिद्धू अभी जर्मनी में हैं और पाकिस्तान स्थित बीकेआई प्रमुख वधावा सिंह बब्बर का प्रमुख सहयोगी हैं। सिद्धू अप्रैल 2024 में पंजाब के नांगल में वीएचपी नेता विकास प्रभाकर की हत्या से भी जुड़ा है।
पंजाब के पूर्व मंत्री मनोरंजन कालिया के जालंधर स्थित घर पर गत 7 अप्रैल की रात को आरोपी सैदुल अमीन ने हमला किया था। राज्य पुलिस ने उसे 12 अप्रैल को गिरफ्तार किया था। यह प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन के विदेशी संचालकों के निर्देश पर पंजाब में बीकेआई के गुर्गों द्वारा किए गए ग्रेनेड हमलों में से एक था।
पंजाब में आज होशियारपुर, एसबीएस नगर, जालंधर, गुरदासपुर, तरनतारन और मानसा जिलों में छापेमारी की गई, जबकि हरियाणा में एनआईए की टीमों ने कुरुक्षेत्र, यमुना नगर, करनाल और अंबाला जिलों में छापेमारी की। उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले में भी व्यापक छापेमारी की गई। एनआईए ने इस मामले की जांच राज्य पुलिस से अपने हाथ में ली थी।
