रीवा:लोकायुक्त रीवा पुलिस ने रायपुर कर्चुलियान तहसील के एक पटवारी को पांच हजार की रिश्वत लेते हुए गुरूवार को रंगे हाथ पकड़ा है. नामान्तरण करने के एवज में दस हजार की रिश्वत मांगी गई थी, पांच हजार लेते हुए आरोपी पटवारी को गिरफ्तार किया गया है. जिसके कारण भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया.
प्राप्त जानकारी के मुताबिक ग्राम मनिकवार निवासी विपिन सोंधिया ने लोकायुक्त कार्यालय रीवा में शिकायत की थी कि वह अपनी भूमि का नामान्तरण करवाने के लिये हल्का पटवारी देवरा फरेंदा अच्छेलाल साकेत के पास गया था और आरोपी पटवारी द्वारा नामान्तरण करने के लिये दस हजार की रिश्वत मांगी. शिकायत के बाद प्रभारी एसपी लोकायुक्त प्रवीण सिंह द्वारा शिकायत का सत्यापन कराया गया तो शिकायत सही पाई गई और आरोपी पटवारी अच्छेलाल साकेत द्वारा पांच हजार रूपये ले लिये गये थे.
गुरूवार को पांच हजार रूपया लेकर शिकायतकर्ता को बुलाया गया था. मनिकवार सीएफटी भवन के सामने आरोपी पटवारी अच्छेलाल साकेत को पांच हजार की रिश्वत लेते हुए लोकायुक्त टीम ने रंगे हाथ पकड़ा. जिसके विरूद्ध धारा 7 भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 संसोधन अधिनियम 2018 के अन्तर्गत प्रकरण दर्ज कर जांच की जा रही है. निरीक्षक उपेन्द्र दुबे के नेतृत्व में 12 सदस्यीय टीम द्वारा कार्यवाही की गई.
