चोरी के तीन मामलों में दो साल से फरार बदमाश गिरफ्तार

इंदौर. चोरी के तीन मामलों में करीब दो साल से फरार चल रहे एक आरोपी को लसूड़िया पुलिस ने गिरफ्तार किया है. उसके साथ पकड़ा गया दूसरा आरोपी भी धार जिले के बदनावर में एक गंभीर अपराध में आजीवन कारावास की सजा सुनाए जाने के बाद से फरार था. पुलिस ने दोनों को मुखबिर की सूचना पर पकड़ा. इनमें से एक आरोपी को पूछताछ के लिए रिमांड पर लिया है, जबकि दूसरे को बदनावर पुलिस के सुपुर्द कर दिया.

पुलिस ने शैलेंद्र उर्फ पिंटू सोलंकी उम्र 47 साल, निवासी सैटेलाइट जंक्शन, लसूड़िया और हाल मुकाम बापट चौराहा, हीरानगर को लसूड़िया क्षेत्र में चोरी के तीन मामलों में करीब दो साल से तलाश रही थी. उसके साथ नवदीप उर्फ राजकुमार परिहार उम्र 30 साल, निवासी कृष्ण विहार कॉलोनी, छोटा बांगड़दा, एरोड्रम को भी पकड़ा. जांच में नवदीप के खिलाफ अलग-अलग थानों में पहले से कई अपराध दर्ज होने की जानकारी मिली. पुलिस ने जब दोनों के रिकॉर्ड की पड़ताल में पता चला कि बदनावर थाने में वर्ष 2021 में दर्ज अपहरण सहित अन्य धाराओं के मामले में न्यायालय ने दोनों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी. इसके बाद से दोनों सजायाफ्ता आरोपी फरार चल रहे थे. लसूड़िया पुलिस ने शैलेंद्र को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड लिया है. वहीं नवदीप को बदनावर पुलिस के हवाले कर दिया. मामले में एडीसीपी अमरेन्द्र सिंह ने बताया कि लसूड़िया पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर दोनों आरोपियों को पकड़ा था. जांच में एक आरोपी के चोरी के तीन मामलों में फरार होने और दोनों के बदनावर के आजीवन कारावास की सजा वाले प्रकरण में फरार होने की जानकारी सामने आई. एक आरोपी से पूछताछ की जा रही है, जबकि दूसरे को संबंधित थाना पुलिस को सौंप दिया है.

Next Post

भाजपा ने हरदीप सिंह पुरी को मध्यप्रदेश राज्यसभा उपचुनाव के लिए उम्मीदवार बनाया 

Wed Oct 28 , 2026
नई दिल्ली, भाजपा ने केन्द्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी को मध्यप्रदेश से आगामी राज्यसभा उपचुनाव के लिए अपना उम्मीदवार बनाया है. पूर्व राजनयिक से राजनेता बने 74 वर्षीय हरदीप सिंह पुरी को एक बार फिर उच्च सदन में भेजने के लिए भाजपा ने इस बार मध्य प्रदेश के कोटे […]

You May Like