
थाना प्रभारियों की समीक्षा जारी
नव भारत न्यूज
इंदौर. शहर के थाना प्रभारियों के कामकाज की समीक्षा चल रही है, जिसमें दागी और लापरवाह अधिकारियों पर गाज गिर सकती है. पुलिस आयुक्त संतोष सिंह और अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अमित सिंह लगातार समीक्षा कर रहे हैं.
सूत्रों के अनुसार कुछ थाना प्रभारी अफसरों की रडार पर हैं, जिनकी लगातार शिकायतें मिल रही हैं. इन थाना प्रभारियों को लाइन अटैच किया जा सकता है या छोटे थानों में भेजा जा सकता है. विशेष रूप से विजयनगर, बाणगंगा और द्वारकापुरी टीआई को लेकर उच्चाधिकारियों में असंतोष है. सूत्र बताते हैं कि विजयनगर थाना प्रभारी चंद्रकांत पटेल के खिलाफ थाने के पास हुई चाकूबाजी की घटनाओं और बढ़ते अपराधों के कारण अफसर नाराज हैं. वहीं सियाराम गुर्जर पर बाणगंगा इलाके में हाथ-पैर में फर्जी पट्टा पहनाकर जुलूस निकालने के मामले को लेकर कार्रवाई संभव है. इसी तरह आशीष सप्रे ,द्वारकापुरी थाना क्षेत्र में हत्या के एक मामले में लापरवाही सामने आने के कारण हटाया जा चुका है.उनकी जगह राहुल सिंह राजपूत को टीआई नियुक्त किया गया है.
अच्छा प्रदर्शन करने वालों को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी
पुलिस आयुक्त की समीक्षा में यह भी तय किया जा रहा है कि जिन थाना प्रभारियों का प्रदर्शन अच्छा रहा है, उन्हें महत्वपूर्ण थानों की जिम्मेदारी दी जाएगी. डीआरपी लाइन में तैनात कुछ निरीक्षक नई तैनाती का इंतजार कर रहे हैं और जल्द ही उनकी नियुक्ति की जा सकती है. अफसर यह भी देख रहे हैं कि किन थानों में अपराधों की संख्या बढ़ी है, गंभीर मामलों की जांच लंबित है, और गिरफ्तारी नहीं हो पा रही है. भ्रष्टाचार और लापरवाही बरतने वाले थाना प्रभारियों पर विशेष नजर रखी जा रही है. संभावना है कि आगामी दिनों में कई थाना प्रभारियों का तबादला होगा और कुछ को डीआरपी लाइन भेजा जा सकता है.
