
सीधी। चुनाव जीतने के लिए मोदी सरकार ने चुनाव आयोग के साथ मिलकर बड़े पैमाने पर मतदाता सूचियों में हेरफेर की है और निर्वाचन आयोग दबाव में काम कर रहा है। उक्त आरोप अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के ऑब्जर्वर एवं महाराष्ट्र विधान परिषद सदस्य भाई जगताप ने जिला कांग्रेस कमेटी की बृहद बैठक में 1 नवंबर की दिल्ली महारैली एवं आगामी आंदोलनों की रणनीति के दौरान कही।
उन्होंने आगे कहा कि राहुल गांधी लगातार वोट चोरी का मुद्दा उठा रहे हैं। एसआईआर के दौरान बड़ी संख्या में नाम हटाए गए और विरोध के बाद कई नाम फिर जोड़े गए जिससे पूरी प्रक्रिया पर गंभीर सवाल खड़े होते हैं। श्री जगताप ने कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को मतदाता सूची में हुई गड़बडिय़ों की जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देना चाहिए जब तक मतदाताओं के लोकतांत्रिक अधिकार और वोट की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं होती कांग्रेस का यह अभियान जारी रहेगा। बैठक में अभियान को ब्लॉक पंचायत एवं बूथ स्तर तक ले जाने की रणनीति पर चर्चा हुई 25 अक्टूबर से 25 नवंबर तक गांवों में चौपालए घर-घर संपर्क एवं संगठनात्मक बैठकों के माध्यम से मतदाता सूचियों की जांच, शिकायतों का संकलन एवं पात्र नागरिकों के नाम जुड़वाने तथा प्रविष्टियों में सुधार के लिए सहयोग किया जाएगा। कांग्रेस बूथ स्तर पर वोट रक्षक सक्रिय कर मतदाता सूची से जुड़े मामलों का रिकॉर्ड तैयार करेगी तथा सत्यापित शिकायतों को संबंधित निर्वाचन अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत करेगी।
बैठक में जिला संगठन प्रभारी दिलीप मिश्रा, जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष ज्ञान सिंह, चुरहट विधानसभा प्रभारी शिव प्रसाद प्रधान एवं सीधी विधानसभा प्रभारी डॉ.विनोद शर्मा सहित वरिष्ठ कांग्रेस नेता, पदाधिकारी, ब्लॉक, मंडलम, सेक्टर, बूथ एवं सहयोगी संगठनों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
००
मतदाता लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत: ज्ञान
जिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्ञान सिंह ने सभी अतिथियों एवं कार्यकर्ताओं का स्वागत करते हुए कहा कि मतदाता लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत है। कांग्रेस प्रत्येक पात्र नागरिक के मताधिकार की रक्षा के लिए पूरी मजबूती से संघर्ष करेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अभियान को बूथ स्तर तक पहुंचाकर घर-घर मतदाता सूची की जांच करने और लोगों को जागरूक करने का आह्वान किया।
००
1 नवम्बर को दिल्ली चलो कार्यक्रम पर भी हुई चर्चा
बैठक में 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाली वोट बचाओ देश बचाओ महारैली में भागीदारी की तैयारियों के साथ 25-26 नवम्बर को संविधान दिवस के अवसर पर प्रस्तावित दिल्ली चलो कार्यक्रम पर भी चर्चा हुई। कांग्रेस ने मतदाता सूची में पारदर्शिता पात्र नागरिकों को पर्याप्त अवसर तथा शिकायतों के समयबद्ध निराकरण की मांग दोहराते हुए कहा कि मताधिकार लोकतंत्र का मूल आधार है और इसकी रक्षा के लिए संगठन पूरी ताकत से कार्य करेगा।
