सर्दियों में घुसपैठ की कोशिशें नाकाम करने के लिए सुरक्षा बल रहें तैयार : गृह मंत्री

नयी दिल्ली, 09 अक्टूबर (वार्ता) केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने जम्मू-कश्मीर में सभी सुरक्षा एजेंसियों को सतर्क रहते हुये समन्वित तरीके से कार्य करने का निर्देश दिया है।

उन्होंने गुरूवार को यहां जम्मू-कश्मीर की सुरक्षा स्थिति पर उच्च-स्तरीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि मोदी सरकार आतंकवाद-मुक्त जम्मू-कश्मीर के लक्ष्य के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है। सुरक्षा एजेंसियों के ठोस और समन्वित प्रयासों से जम्मू-कश्मीर में देश के दुश्मनों द्वारा पोषित आतंकवादी तंत्र लगभग समाप्त हो चुका है।

गृह मंत्री ने स्पष्ट किया कि सुरक्षा बलों को क्षेत्र में शांति और सुरक्षा को खतरा पहुंचाने वाले हर प्रयास को नाकाम करने की पूरी स्वतंत्रता दी गई है। उन्होंने पहलगाम आतंकी हमले के बाद स्थानीय प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों द्वारा उठाए गए त्वरित कदमों की सराहना करते हुये कहा कि इन प्रयासों से जम्मू-कश्मीर की सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत हुई है तथा आम जनता में भरोसा बढ़ा है।

गृह मंत्री ने सभी सुरक्षा एजेंसियों को सतर्क रहते हुए समन्वित तरीके से कार्य करने का निर्देश देते हुये कहा कि सर्दियों के दौरान आतंकवादी बर्फबारी का फायदा उठाकर घुसपैठ की कोशिश कर सकते हैं इसलिए सुरक्षा बलों को हर परिस्थिति में पूरी तरह तैयार रहना होगा। केंद्र सरकार का लक्ष्य आतंकवाद का पूर्ण उन्मूलन कर जम्मू-कश्मीर में स्थायी शांति और विकास सुनिश्चित करना है।

बैठक में उप राज्यपाल मनोज सिन्हा, केंद्रीय गृह सचिव, आसूचना ब्यूरो के निदेशक, थल सेनाध्यक्ष, जम्मू-कश्मीर के मुख्य सचिव एवं पुलिस महानिदेशक, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों के महानिदेशक सहित केंद्र सरकार, सेना और जम्मू-कश्मीर प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।

 

 

Next Post

मणिपुर विश्वविद्यालय घोटाले में प्रवर्तन निदेशालय की बड़ी कार्रवाई, 71 लाख रुपये की संपत्ति कुर्क

Thu Oct 9 , 2025
नयी दिल्ली, 09 अक्टूबर (वार्ता) प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की इंफाल उप-क्षेत्रीय इकाई ने मणिपुर विश्वविद्यालय से जुड़े धन शोधन मामले में कुल 71 लाख रुपये की तीन अचल संपत्तियों को अस्थायी तौर पर कुर्क किया है। यह कार्रवाई विश्वविद्यालय में कथित वित्तीय अनियमितताओं और भ्रष्टाचार के मामले में की गयी […]

You May Like